8 मार्च को दिल्ली के रामलीला मैदान में बडे आंदोलन की दी चेतावनी
बल्लभगढ़। यूजीसी कानून के विरोध में सवर्ण समाज समन्वय समिति की ओर से सोमवार को बल्लभगढ़ पंचायत भवन से एक रोड शो का आयोजन किया गया। सभी आंदोलनकारी मेन मार्केट में होते हुए एसडीएम कार्यालय तक पैदल पहुंचे। इस विरोध प्रदर्शन में ब्राह्मण, वैश्य, क्षत्रिय राजपूत समाज व सवर्ण सेना सहित कई सामाजिक संगठनों ने हिस्सा लिया। जिसके बाद एसडीएम कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर एसडीएम और डीसी के माध्यम से देश प्रधानमंत्री व राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा गया।
रोडशो के दौरान सवर्ण सेना प्रमुख दीपक गौड़ ने केंद्र सरकार को सवर्ण समाज विरोधी बताते हुए कहा कि आए दिन बीजेपी वोट बैंक की राजनीति में फंसकर हिंदू समाज और सनातन संस्कृति को तोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि हमारी लड़ाई किसी एससी-एसटी या ओबीसी वर्ग से नहीं है, बल्कि हमारे सवर्ण समाज के कुलद्रोही नेताओं से है, जो जाति के नाम पर वोट हमारा लेते हैं और कानून दूसरे वर्गों के लिए बनाते हैं। उन्होंने चेतावनी दी की अगर इन स्वार्थी नेताओं ने अपनी आवाज उठाकर सरकार से यह यूजीसी बिल वापस नहीं कराया तो आने वाले चुनाव में इनका खुलकर विरोध किया जाएगा। साथ ही ऐसे कुलद्रोही विधायकों और सांसदों का घेराव भी किया जाएगा। सवर्ण समाज समन्वय समिति का गठन राष्ट्रीय स्तर पर हो चुका है, जिसकी ओर से आगामी 8 मार्च को रामलीला मैदान, नई दिल्ली में देश भर के सामाजिक संगठनों से समन्वय करके एक बडे आंदोलन का शंखनाद हो गया है, आगे की रणनीति वही से तय की जाएगी। इस कार्यक्रम में भगवान दास गोयल, ब्रिज मोहन बातिश, सवर्ण सिंह, राहुल गर्ग, राकेश भारद्वाज, राजेश गोयल, अरविन्द तिवारी, पवन गर्ग, मनोज अग्रवाल, जितेंदर बंसल, अनुज शर्मा आदि मौजूद रहे।