फरीदाबाद। थाना खेड़ीपुल क्षेत्र से प्रॉपर्टी डीलर हरीश उपाध्याय के अपहरण के मामले में संगरूर, पंजाब पुलिस ने मुख्य अपहरणकर्ता वीर बहादुर सिंह उर्फ काला भाठूआ को उसकी एक महिला मित्र के साथ गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस ने उसके पास से हथियार भी बरामद किए हैं। पंजाब पुलिस ने इसकी सूचना फरीदाबाद पुलिस को दे दी है। जिला पुलिस काला को रिमांड पर लेकर आएगी। उसके एक गुर्गे को जिला पुलिस ने पिछले दिनों गिरफ्तार किया था और उसकी निशानदेही पर हरीश उपाध्याय को सकुशल छुड़ा लिया था।
नहरपार हनुमान नगर निवासी हरीश उपाध्याय के बेटे रोहित ने 24 अगस्त को खेड़ीपुल थाने में मामला दर्ज करवाया था कि 22 अगस्त को उनके पिता घर से बिना बताए निकल गए थे। रात को उनका फोन आया और बताया कि वह किसी काम से चंडीगढ़ आए हैं। अगले दिन हरीश ने दोबारा बेटे को फोन कर कहा कि सेक्टर-17 में उनके दोस्त रतन से सात लाख रुपये लेकर बदरपुर बार्डर पहुंच जाए। वहां उसे एक लड़का मिलेगा और वह रुपये उसे दे दे। रोहित को उनकी बातों से कुछ शक हुआ तो उसने अपहरण की आशंका जताते हुए मामला दर्ज करवाया था। मामले की जांच क्राइम ब्रांच सेक्टर-85 कर रही थी।
प्लॉट दिखाने का झांसा देकर ले गई थी युवती
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि हरीश का अपहरण पंजाब के काला गैंग ने किया था। फरीदाबाद की एक युवती हरीश उपाध्याय को प्लाट दिखाने का झांसा देकर खनोरी पातड़ा, पंजाब ले गई थी। वहां काला, उसके साथी बलकार लीला व नेता सहित गिरोह के 7-8 अन्य गुर्गों ने अपहरण कर लिया था और एक करोड़ रुपये की फिरौती मांग रहे थे। उसने इतनी बड़ी रकम नहीं होने की बात कही तो वे बाद में फिरौती की रकम को कम करके 10 लाख पर आ गए थे। 31 अगस्त को काला गिरोह का गुर्गा गांव कोटला लेह, जिला संगरूर, पंजाब निवासी नाहर सिंह उर्फ बिल्लू फिरौती की रकम लेने आया था। जिसे पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया था।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर पंजाब में उनके ठिकानों पर दबिश दी तो आरोपी पुलिस के आने पर प्रदीप को छोड़कर फरार हो गए थे। अब इस मामले में संगरूर पुलिस ने बृहस्पतिवार को संगरूर के मोड़ा गांव के पास से काला को उसकी महिला मित्र के साथ धर दबोचा। संगरूर के एसपी हरेंद्र सिंह ने काला की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
हरियाणा-पंजाब में दर्ज हैं 25 मामले
वीर बहादुर सिंह उर्फ काला का पंजाब में काला गैंग के नाम से सक्रिय है। काला के खिलाफ पंजाब व हरियाणा में दो दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। इनमें लूट, डकैती, फिरौती के लिए अपहरण सहित कई संगीन धाराओं के मामले शामिल हैं।
प्रोडक्शन वारंट पर लाएंगे
काला फरीदाबाद पुलिस का भी वांछित अपराधी है। पंजाब पुलिस ने उसे पकड़ लिया है तो जल्द ही यहां से क्राइम ब्रांच की टीम को भेजकर उसे प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी।
- अनिल कुमार, एसीपी क्राइम