संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बाइपास रोड पर बन रहे दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के निर्माणाधीन फ्लाईओवर से 40 फीट नीचे गिरकर प्रॉपर्टी डीलर की मौत हो गई। घटना सेक्टर-17 के पास की है। फ्लाईओवर पर स्लैब डालने के काम किए जाने के कारण इसके बीच में कई जगह पर गैप है। ऐसे ही एक गैप से डीलर बाइक सहित नीचे जा गिरे। सूचना पाकर थाना बीपीटीपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव बीके अस्पताल में पहुंंचाया। परिवार के लोगों ने प्रशासन और एक्सप्रेस-वे निर्माण कर रही कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
मृतक की पहचान एनआइटी-1 सी ब्लाक निवासी संजीव वर्मा (47) के रूप में हुई है। संजीव प्रॉपर्टी डीलर का काम करते थे। शनिवार की शाम को वह किसी काम से ग्रेटर फरीदाबाद गए थे। वह रात को करीब 10 बजे बाइक पर सवार होकर घर आ रहे थे। आगरा-गुरुग्राम नहर पर बने सेक्टर-17 के पुल से वह बीपीटीपी चौराहे तक जाने के लिए एलिवेटिड फ्लाईओवर पर चढ़ गए। फ्लाईओवर अभी निर्माणाधीन है। बीपीटीपी चौराहे के पास एक गैप से संजीव बाइक सहित 40 फीट नीचे जा गिरे।
सिर में लगी गहरी चोट के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने संजीव की जेब से मोबाइल फोन निकालकर मामले की जानकारी परिजनों को दी। परिवार के लोगों ने प्रशासन और निर्माण कर रही कंपनी पर लापरवाही का आरोप लगाया है। हालांकि, किसी के खिलाफ अभी कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।