मानसिक रूप से परेशान था, नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-15ए स्थित होटल में शुक्रवार रात को एक प्रॉपर्टी डीलर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार युवक काफी समय से मानसिक रूप से परेशान था। थाना सेंट्रल पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस को मौके से कोई से सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिजनों से पूछताछ कर पुलिस मामले की जांच में जुटी है। पुलिस प्रॉपर्टी डीलर का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर पड़ताल कर रही है।
पुलिस के अनुसार खेड़ी कला निवासी रोहित ने शुक्रवार को ओयो होटल में एक कमरा लिया था। शुक्रवार शाम होटल का एक कर्मचारी कोई सामान लेकर उसके कमरे में गया, लेकिन रोहित को पंखे से लटका देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तुरंत इसकी जानकारी होटल मालिक को दी। मालिक ने डायल-112 पर कॉल करके पुलिस को खबर दी। सूचना के बाद मौके पर पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। परिजनों ने बताया कि कोरोना काल में रोहित के पिता की मौत हो गई थी। तब से वह मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। आशंका व्यक्त की जा रही है कि उसी के चलते उसने यह कदम उठाया है। शनिवार को मृतक के शव का बीके अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया गया है। थाना सेंट्रल प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस परिवार से पूछताछ कर मामले की जांच में जुटी है।