पुलिस की गाड़ी आता देख भागे बदमाश, सेक्टर-29 बाईपास चौक की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सेक्टर-29 बाईपास चौक पर रंजिश में प्रॉपर्टी डीलर और उसके दोस्तों पर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 27 अक्तूबर की रात करीब एक बजे कई युवकों ने उनकी गाड़ी का अगला शीशा तोड़ दिया। इसके बाद रॉड और डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में प्रॉपर्टी डीलर समेत पांच लोग घायल हो गए। मौके पर गश्त कर रही पुलिस की गाड़ी पहुंचते ही आरोपी जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। घायलों को सर्वोदय अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रॉपर्टी डीलर की हालत को देखते हुए उसे सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय अस्पताल में रेफर किया गया है। पुलिस ने शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, राजपुर कलां गांव निवासी अनिल उर्फ सच्चे ने शिकायत में बताया कि वह प्रॉपर्टी डीलर का काम करता है। 27 अक्तूबर की रात करीब एक बजे वह अपनी गाड़ी में दोस्त रामनिवास उर्फ चिंटू और अर्जुन के साथ सेक्टर-29 जा रहा था। जब वे सेक्टर-29 बाईपास चौक पर पहुंचे तो वहां प्रदीप, टिंडा, छोटे, प्रदीप का भाई, धीरज निवासी तिगांव और 8-10 अन्य युवक खड़े थे। आरोप है कि प्रदीप ने रॉड से उनकी गाड़ी के अगले शीशे पर वार कर दिया। इसके बाद उसने अपने दोस्तों हर्षित, संजय और सुशील को फोन करके मौके पर बुलाया। सूचना मिलने पर सुनील और साहिल उर्फ टांके भी वहां पहुंच गए। अनिल ने आरोप लगाया कि प्रदीप और टिंडा ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन पर डंडों और रॉड से हमला कर दिया। मारपीट में अनिल, रामनिवास उर्फ चिंटू, हर्षित, सुशील और संजय घायल हो गए।
घायलों को उनके दोस्त सुनील और साहिल उर्फ टांके उपचार के लिए सर्वोदय अस्पताल, सेक्टर-19 लेकर पहुंचे। यहां प्राथमिक उपचार के बाद रामनिवास, हर्षित, सुशील और संजय को छुट्टी दे दी गई, जबकि अनिल को आगे के उपचार के लिए सेक्टर-8 स्थित सर्वोदय अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।