विभागीय स्तर पर तैयारियां पूरी, प्रत्येक नर्सरी में 25-25 खिलाड़ियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में 43 निजी खेल नर्सरियों को शुरू करने के लिए अगले सप्ताह तक स्वीकृति मिल सकती है। इसके लिए विभागीय स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। खेल नर्सरियों में 25-25 खिलाड़ियों का ट्रायल के आधार पर चयन कर उन्हें प्रशिक्षित किया जाएगा। वहीं, खिलाड़ियों को संतुलित आहार के लिए प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी।
निजी खेल नर्सरियों के लिए जिले में 130 खेल अकादमी संचालकों ने रुचि दिखाई थी। इसके आधार पर खेल नर्सरियों का भौतिक सत्यापन कर रिपोर्ट को मुख्यालय भेजा गया। इनमें से नौ राजकीय स्कूल और दो पाली पंचायत की ओर से आवेदन आए थे। उन्हें मई में ही शुरू करने की स्वीकृति दे दी गई थी। जबकि निजी स्कूल व अकादमी में शुरू करने की स्वीकृति अभी तक नहीं मिली है। जिला खेल विभाग की ओर आवेदन के आधार पर सभी खेल नर्सरियों की रिपोर्ट तैयार कर मुख्यालय भेज दी गई है। बताया जा रहा है कि इनमें से 43 खेल नर्सरियों को स्वीकृति मिल सकती है।
खेल निदेशालय की ओर से चुने गए खेल नर्सरी संचालक को तय मानकों के अनुसार अनुदान भी दिया जाएगा, जिसमें कोच की नियुक्ति, खेल उपकरण, प्रशिक्षण मैदान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं शामिल होंगी। वहीं, खेल नर्सरी में अभ्यास करने वाले 8 से 14 वर्ष तक के खिलाड़ियों को दो हजार और 15 से 19 वर्ष तक के खिलाड़ियों को तीन हजार रुपये प्रति माह प्रोत्साहन राशि मिलेगी। यह राशि खिलाड़ियों को बेहतर डाइट के लिए दी जाती है। खेल नर्सरी शुरू होने के बाद जिले में खेल सुविधाएं बढ़ेंगी और अधिक संख्या में युवाओं को खेलों से जोड़ने का अवसर मिलेगा।
वर्जन
विभाग की ओर से खेल नर्सरियों की सूची लगभग तैयार कर ली गई है। सबकुछ ठीक रहा तो इसे अगले सप्ताह तक सार्वजनिक कर दिया जाएगा। इसके बाद क्रिकेट को बढ़ावा देने के लिए क्रिकेट अकादमी को भी शुरू करने की योजना है। - गिरीराज, उपनिदेशक, खेल विभाग।