दो लोगों से बातचीत
- महंगाई की दौड़ में हरी मिर्च व अदरक भी शामिल, ब्रॉकली ने सबको पछाड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बारिश के कारण टमाटर सहित हरी सब्जियों के दाम भी बढ़ गए हैं। अब हरी मिर्च और अदरक पर भी महंगाई का रंग चढ़ गया है। वहीं महंगाई की इस दौड़ में ब्रॉकली ने सबको पीछे छोड़ दिया है। पिछले महीने करीब 80 रुपये किलो बिकने वाली ब्रॉकली की कीमत 350 हो गई है। महंगाई से आम आदमी की जेब में आग लग रही है।
बारिश के सीजन में पिछले करीब 10 दिनों से सब्जियों के दाम में लगातार उछाल जारी है। पहले टमाटर और फिर अन्य सब्जियों के दाम बढ़ रहे हैं। दुकानदारों की मानें तो लोगों ने महंगाई बढ़ने के कारण मात्रा में समझौता करना शुरू कर दिया है। लोग एक किलो की जगह 250 ग्राम व आधा किलो सब्जी ही खरीद रहे हैं। ऐसे में सब्जियां नहीं बिकने के कारण खराब हो रही हैं। सभी सब्जियों पर लगभग 10-100 रुपये बढ़े हैं, लोग हरी सब्जियों को पहले के मुकाबले कम खरीद रहे हैं।
इसलिए आसमान छू रहे दाम
एनआईटी-5 मार्केट में सब्जियां बेच रहे राजकुमार ने बताया कि बारिश के सीजन में सब्जियां काफी खराब होती हैं इसलिए दाम बढ़ गए हैं। खेत से ही महंगी मिल रही है। अक्सर ही बारिश के दौरान सभी सब्जियों के भाव बढ़ जाते हैं। इस वर्ष बढ़ोतरी अधिक हुई है। बारिश के दौरान किसानों को काफी नुकसान होता है और जितनी मात्रा में सब्जी, मंडी में पहुंचनी चाहिए, वह उतनी मात्रा में नहीं पहुंच पा रही है, इसलिए सब्जियां महंगी खरीदकर महंगी ही बेचनी पड़ रही है। आगामी कुछ दिनों में दाम घट जाएंगे।
-
सोशल मीडिया पर मीम की आई बौछार
सब्जियों के बढ़ रहे दाम से परेशान लोग सोशल मीडिया पर मीम शेयर रहे हैं। महंगाई को लेकर लोग विभिन्न सोशल मीडिया के माध्यम से मीम व वीडियो बनाकर सांझा करते हुए सरकार पर कटाक्ष कर रहे हैं। पिछले 10 दिनों से सब्जियों के रेट में बढ़ोतरी के बाद सोशल मीडिया पर मीम की बौछार आ गई है।
लोगों से बातचीत
सब्जियों के आसमान छूते भाव ने लोगों की जेब पूरी तरह खाली कर दी है। महंगाई लोगों की कमर तोड़ रही है, एकाएक सब्जियों के दाम में बढ़ोतरी से लोग परेशान हो गए हैं। - नीतू दत्ता, ग्रेटर फरीदाबाद
-
सब्जियां दाल व अन्य चीजें जब भी महंगी होती हैं, इससे सबसे ज्यादा आम आदमी प्रभावित होता है, सभी सब्जियों पर महंगाई का रंग चढ़ा हुआ है, आम आदमी परेशान है। - विनीता, सेक्टर-29
-
सब्जियों के दाम
एक सप्ताह पहले और अब
सब्जी पहले अब
करैला 40 80
भिंडी 50 80
बैंगन 40 50
कटहल 60 70
टिंडा 50 60
गोभी 70 160
पत्तागोभी 30 60
तोरी 50 70
शिमला मिर्च 100 120
मशरूम 140 180
आलू 20 30
खीरा 40 80
टमाटर 120 150
परवल 80 100
ब्रोकली 80 350
भुट्टा 20 30
कद्दू 30 50
अदरक 120 300
निम्बू 80-100 120
हरी मिर्च 80 150
यह रेट सेक्टर-29 की मार्केट के अनुसार है, शहर में अलग-अलग बाजारों में बदलाव हो सकता है।