100 रुपये वाली फुलझड़ी के लिए खर्च करने होंगे 150 रुपये
गौरव मिश्रा
फरीदाबाद। दिवाली पर इस बार आतिशबाजी का शौक लोगों की जेब पर भारी पड़ने वाला है। फुलझड़ी से लेकर पॉप और खिलौना बंदूकों तक के दाम में 40 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल 100 रुपये में मिलने वाली फुलझड़ी अब 150 रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, 130 रुपये वाली फुलझड़ी के लिए 200 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। इसी तरह पॉप, चटर-पटर और माचिस पटाखों के दाम भी बढ़ गए हैं।
बाजार में छोटे पॉप की कीमत 280 रुपये से बढ़कर 350 पैकेट रुपये तक पहुंच गई है। वहीं, थोड़े से तेज आवाज वाले पॉप के दाम 80 रुपये से बढ़कर 150 रुपये हो गए हैं। चटर-पटर की कीमत भी 80 रुपये से बढ़कर 120 रुपये तक पहुंच गई है। माचिस पटाखे का पैकेट, जो पहले 80 रुपये में मिलता था, अब 120 रुपये में बिक रहा है। इसके अलावा 200 रुपये वाली फुलझड़ी की कीमत भी बढ़कर 300 रुपये तक पहुंच गई है।
बच्चों के बीच लोकप्रिय खिलौना बंदूकों के दाम में भी इजाफा हुआ है। पहले 100 रुपये में मिलने वाली बंदूक अब 150 रुपये में बिक रही है। वहीं, 500 रुपये वाली बंदूक की कीमत बढ़कर 800 रुपये तक पहुंच गई है। बाजार में 40 रुपये से लेकर 1600 रुपये तक की अलग-अलग डिजाइन और स्टाइल वाली बंदूकें उपलब्ध हैं।
हेलिकॉप्टर चकरघिन्नी बनी आकर्षण
इस बार बाजार में हेलिकॉप्टर चकरघिन्नी भी बच्चों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। दुकानदारों के अनुसार, इसकी मांग अभी से अच्छी है। इसकी खासियत यह है कि पहले यह जमीन पर चकरघिन्नी की तरह घूमती है और फिर हेलिकॉप्टर की तरह हवा में उड़ जाती है। इसमें पंखे जैसी बनावट भी दी गई है, जो बच्चों को आकर्षित कर रही है।
हर साल दिवाली पर फुलझड़ी और पटाखे खरीदते हैं, लेकिन इस बार दाम काफी बढ़ गए हैं।
- गिरीश, खरीदार
इस बार खिलौना बंदूक से लेकर फुलझड़ी तक के दाम बढ़ गए हैं। अब महंगी ही खरीदेंगे।
- अजय, खरीदार
हमारा कुछ फायदा नहीं बढ़ा है, हमें महंगा मिला है, तो मजबूरी में महंगा देना पड़ रहा है।
- प्रकाश साहू, व्यापारी
हेलिकॉप्टर चकरघिन्नी बच्चों को पसंद आ रही है। इसकी खास बनावट है और हवा में उड़ती है।
- आनंद कुमार, व्यापारी