फरीदाबाद। भाई दूज पर भाई के माथे पर तिलक लगाने के साथ नारियल गोला भेंट करने की परंपरा है, लेकिन इस बार नारियल गोले की बढ़ी कीमतों ने बहनों का बजट बिगाड़ दिया है। पिछले साल के मुकाबले इस बार नारियल गोले के दाम में करीब 100 रुपये प्रति किलो की बढ़ोतरी हुई है। पिछले साल 380 रुपये किलो बिकने वाला गोला अब 480 रुपये किलो मिल रहा है। ऐसे में बहनों को त्योहार की रस्म निभाने के लिए अधिक खर्च करना पड़ रहा है।
त्योहार को लेकर बाजारों में खरीदारी शुरू हो गई है। बहनें भाइयों के लिए गोला खरीद रही हैं, लेकिन बढ़े दाम उनकी जेब पर भारी पड़ रहे हैं। ग्राहक यामिनी ने बताया कि भाई दूज पर गोला देने की परंपरा वर्षों से चली आ रही है। इस बार कीमत बढ़ने से त्योहार का खर्च भी बढ़ गया है। कोमल शर्मा के अनुसार, भाई को तिलक के साथ नारियल गोला देना शुभ माना जाता है, लेकिन 480 रुपये किलो भाव सुनकर हैरानी हुई। वहीं, प्रिया मलिक का कहना है कि 100 रुपये किलो की बढ़ोतरी से घरेलू बजट प्रभावित हो रहा है।
व्यापारी कमल कुमार ने बताया कि पिछले साल गोला 380 रुपये किलो बिक रहा था, जबकि इस बार इसका भाव 480 रुपये किलो हो गया है। नारियल की अधिक खपत होने के कारण गोले के दाम में बढ़ोतरी हुई है।