मस्जिद के अंदर ही नमाज अदा करने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले भर में ईद-उल-अजहा (बकरीद) का त्योहार शनिवार को उत्साह के साथ मनाया जाएगा। सुबह 7 बजे से ईदगाह और मस्जिदों में बकरीद की नमाज अदा की जाएगी। इसको लेकर जिले के सभी मस्जिदों की ओर से तैयारी पूरी कर ली गई है।
वहीं दूसरी ओर प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वह मस्जिद के अंदर ही नमाज को अदा करें, ताकि आमजन को कोई परेशानी न हो। इस दौरान नमाज के जरिए लोगों ने देश की उन्नति, अमन-चैन की दुआ मांगी। बकरीद पर जहां लोग बकरे की कुर्बानी देते हैं, वहीं इस दिन महिलाओं से लेकर बच्चे नए कपड़ों को पहनते हैं। जिसके चलते शुक्रवार को जिलेभर के बाजार देर रात तक गुलजार रहे। जूतों, कपड़ों और सेवइयों की दुकानों पर लोगों ने जमकर खरीदारी की। कुर्बानी के लिए मवेशियों की खरीदारी भी खूब हुई।
इन जगहों पर अदा की जाएगी नमाज
बल्लभगढ़ की बड़ी मस्जिद में मोलाना, सइमुददीन, सेक्टर-62 में मोलाना मुबारक, सेक्टर-छह की ईदगाह में मौलाना आदिद नदवी, बड़खल में दिल्ली वाली मस्जिद में मौलाना असरफ अली, पुराना फरीदाबाद की बड़ी मरकज वाली मस्जिद में मौलाना मुफ्ती मुस्तजाबुददीन, जहांगीर मस्जिद में उबयदुल्ला अनवर, ऊंचा गांव की जामा मस्जिद में मौलाना जमालुद्दीन, गौछी में मोलाना इलाहीबख्श, डबुआ वाली मस्जिद में मोलाना मुस्तकीम, धौज में मोलाना कासिम और मोलाना फखरुददीन, फतेहपुर बिल्लौच में मोलाना मोहम्मद फारुख, जवाहर कॉलोनी मस्जिद, तीन नंबर मस्जिद, राहुल कॉलोनी मस्जिद समेत अलग-अलग स्थानों पर सुबह सात से आठ बजे के बीच बकरीद की नमाज अदा की जाएगी।
त्याग व बलिदान का नाम बकरीद
ऊंचा गांव जमा मस्जिद के मौलाना जमालुद्दीन ने बताया कि त्याग व बलिदान का नाम बकरीद है। बकरीद के त्योहार से त्याग व बलिदान की प्रेरणा मिलती है। बकरीद का त्योहार बुराइयों को छोड़कर अच्छाई को अपनाने की सीख देता है। इस त्योहार से सीख लेकर सच्चाई की राह पर चलना चाहिए। मस्जिदों और ईदगाहों में नमाज के दौरान पुलिस अलर्ट रहेगी। शहर की सभी मस्जिदों के समीप में पुलिस बल मौजूद रहेगा।