500 से अधिक परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-76 स्थित बीपीटीपी कॉलोनी में बुधवार को करीब 16 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रहने से 500 से अधिक परिवारों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। बुधवार सुबह करीब छह बजे बिजली आपूर्ति बाधित हुई, जिसके बाद देर रात तक क्षेत्र में बिजली बहाल नहीं हो सकी।
भीषण गर्मी के बीच दिनभर बिजली नहीं रहने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया। बिजली संकट के कारण पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित रही, जिससे लोगों को पानी की किल्लत का सामना करना पड़ा। आरडब्ल्यूए प्रधान विनोद नागर ने बताया कि कॉलोनी में पिछले करीब डेढ़ महीने से लगातार बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या बनी हुई है। उनका कहना है कि आए दिन लंबे बिजली कट लग रहे हैं, रात के समय घंटों तक बिजली नहीं रहती। इससे बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। गर्मी के कारण लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है और रात में भी राहत नहीं मिल पा रही।
रामधारी, के सिंह व धमेंद्र ने बताया कि बिजली आपूर्ति में बार-बार आ रही बाधा को लेकर संबंधित विभाग से कई बार शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया। उनका कहना है कि हर बार केवल आश्वासन मिलता है, जबकि समस्या लगातार बनी हुई है। लंबे समय तक बिजली बाधित रहने से घरेलू कामकाज भी प्रभावित रहा। लोगों के इनवर्टर की बैटरी भी डाउन हो रही है। वहीं पानी की आपूर्ति ठप होने से दैनिक जरूरतें पूरी करना भी मुश्किल हो गया। निवासियों ने बिजली विभाग से मांग की है कि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में जल्द सुधार किया जाए और बार-बार होने वाली कटौती पर प्रभावी नियंत्रण किया जाए, ताकि लोगों को इस समस्या से राहत मिल सके।