आज खाली सीटों का ब्योरा किया जाएगा जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में प्रथम चरण की दाखिले की प्रक्रिया पूरी हो गई। जिले के 9 राजकीय आईटीआई में पहले चरण के तहत करीब 300 विद्यार्थियों ने दाखिला लिया है। संस्थानों से मिली जानकारी के अनुसार विभाग की आधिकारिक वेबसाइट पर बृहस्पतिवार को खाली बची सीटों का ब्योरा उपलब्ध कराया जाएगा। यदि कोई विद्यार्थी प्रथम चरण में आवंटित ट्रेड से संतुष्ट नहीं है, तो वह दूसरे चरण की काउंसलिंग में भाग लेकर खाली बची सीटों में से अपनी पसंद की ट्रेड चुन सकता है। वहीं जिन विद्यार्थियों को पहले चरण में सीट आवंटित नहीं हो सकी है, वे भी अपने आवेदनों व प्राथमिकताओं में संशोधन कर दोबारा प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।
एनआईटी के प्राचार्य भगतसिंह ने बताया कि द्वितीय चरण की दाखिला प्रक्रिया के तहत 28 जुलाई को सीटों का आवंटन किया जाएगा। इसके बाद 28 से 31 जुलाई तक दस्तावेजों का सत्यापन होगा। चयनित विद्यार्थी एक अगस्त तक अपनी दाखिला फीस जमा करवा सकेंगे।
आईटीआई में इंजीनियरिंग ट्रेडों जैसे इलेक्ट्रीशियन, फिटर, मशीनिस्ट, टर्नर, वेल्डर, कोपा, मैकेनिक व वायरमैन में दाखिले किए जा रहे हैं। वहीं नॉन इंजीनियरिंग ट्रेडों में स्टेनोग्राफी, कॉस्मेटोलॉजी, सिलाई व ब्यूटी पार्लर की मांग अधिक बनी हुई है। बता दें कि जिले के सिकरोना, मोहना, तिगांव, पाली, फतेहपुर बिल्लौच, ऊंचागांव, महिला फरीदाबाद, ओल्ड फरीदाबाद और एनआईटी-5 स्थित राजकीय संस्थानों में दो हजार से अधिक सीटों पर दाखिला प्रक्रिया चल रही है।