फरीदाबाद। आईएमटी क्षेत्र में उद्यमियों और युवाओं को इंडियन इंडस्ट्री एसोसिएशन फरीदाबाद (आईआईएएफ) जॉब पोर्टल के बारे में जागरूक करने के लिए जगह-जगह पोस्टर लगाए गए हैं। पोर्टल शुरू हुए करीब पांच माह हो चुके हैं लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में लोगों को इसकी जानकारी नहीं है।
जागरूकता की कमी के कारण कई युवा और उद्योगों से जुड़े लोग इस सुविधा का लाभ नहीं उठा पा रहे हैं। इसी को देखते हुए आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन ने पोर्टल के प्रचार-प्रसार का अभियान शुरू किया है। इसके तहत औद्योगिक क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर पोस्टर लगाए गए हैं, ताकि अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच सके। एसोसिएशन का उद्देश्य है कि नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं और कर्मचारियों की जरूरत रखने वाले उद्यमियों को एक ही मंच पर जोड़ा जा सके। आईएमटी इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रधान प्रमोद राणा ने बताया कि आने वाले दिनों में यह पोर्टल युवाओं और उद्यमियों के लिए काफी लाभदायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि पोर्टल के माध्यम से रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और उद्योगों को भी योग्य कर्मचारी आसानी से मिल सकेंगे। प्रमोद राणा ने बताया कि पोर्टल के जरिए अब तक करीब 200 कर्मचारियों को रोजगार मिल चुका है। यह संख्या लगातार बढ़ रही है। उनका कहना है कि यदि अधिक लोग इस पोर्टल से जुड़ेंगे तो रोजगार के अवसरों में और वृद्धि होगी। संवाद