संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सूरजकुंड मेले में आने वाले पर्यटकों के लिए इस बार डाक विभाग ने विशेष सुविधा शुरू की है। मेला परिसर में डाक विभाग की ओर से एक अस्थायी कार्यालय खोला गया है, जहां लोग डाक से जुड़ी कई जरूरी सेवाओं का लाभ उठा सकते हैं। इससे पर्यटक मेले परिसर में घूमने के साथ-साथ डाक विभाग से जुड़ा काम करवा सकते हैं।
फरीदाबाद डाक विभाग के अधीक्षक आरए यादव ने बताया कि पर्यटक डाक विभाग के स्टॉल पर डाक टिकट खरीद सकते हैं। इसके अलावा माई स्टाम्प सेवा के माध्यम से आप अपनी फोटो के साथ डाक टिकट जारी करवा सकते हैं, जो एक व्यक्तिगत पहचान और यादगार बन सकती है। उन्होंने बताया कि स्टाॅल पर गंगाजल सेवा भी उपलब्ध है।
आरए यादव का कहना कि इस अस्थायी कार्यालय में आधार कार्ड अपडेट कराने की सुविधा उपलब्ध है। इसके अलावा बीमा पॉलिसी से संबंधित सेवाएं, स्पीड पोस्ट, रजिस्टर्ड पोस्ट और अन्य डाक सेवाएं भी दी जा रही हैं। डाक विभाग की इस पहल से पर्यटकों को मेले में घूमने के साथ-साथ जरूरी सेवाएं एक ही स्थान पर मिल रही हैं।