- खाते की लिमिट बढ़ाने के लिए मोबाइल पर भेजी एपीके फाइल
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। जालसाज ने इंडसइंड बैंक का कर्मचारी बनकर युवक के खाते से 2.40 लाख रुपये निकाल लिए। बैंक खाते की लिमिट बढ़ाने के लिए युवक के मोबाइल पर एपीके फाइल भेजकर ठगी को अंजाम दिया गया। पीड़ित युवक की शिकायत के आधार पर पुलिस ने साइबर अपराध थाना मानेसर में एफआईआर दर्ज की है।
जिले के धानावास गांव निवासी हरिंद्र ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 अक्तूबर को उसके मोबाइल पर अनजान नंबर से कॉल आई थी। कॉल करने वाले ने खुद को इंडसइंड बैंक का कर्मचारी बताते हुए खाते की लिमिट बढ़ाने के बारे में बताया। हरिंद्र से सहमति मिलने के बाद कॉल करने वाले ने उसको एक एपीके फाइल भेजी।
एपीके फाइल पर क्लिक करते ही हरिंद्र के बैंक खाते से दो बार में 1.99 लाख व 41 हजार रुपये कट गए। पीड़ित के पास न कोई ओटीपी आया और न ही उसने बैंक खाता संबंधी जानकारी साझा की थी। बैंक खाते से रुपये कटने के बाद हरिंद्र ने हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करके ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।