फरीदाबाद। एसजीएम नगर के ए-ब्लॉक में 24 जून की शाम तीन बदमाशों ने घर में घुसकर प्रवीण उर्फ प्रशांत मित्तल नामक एक युवक की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। इस मामले में डेढ़ माह बाद भी क्राइम ब्रांच की टीम आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई हैं। शुरूआती छानबीन में पता चला था कि हमलावर, प्रवीण के जानकार ही थे। उन्होंने पहले उसके साथ बैठकर कोल्ड ड्रिंक पी और फिर जाते समय गले मिले व ताबड़तोड़ गोलियां मारी। इसके बाद मोटर साइकिल लेकर भीड़भाड़ वाले इलाके से फरार हो गए।
एसजीएम नगर थाना पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। हालांकि बाद में इस मामले में क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई थी। प्रवीण राशन डिपो के साथ सट्टा के कारोबार से भी जुड़ा हुआ था। इस मामले में क्राइम ब्रांच की टीम ने शुरूआत में कुछ दिनों तक तो दिलचस्पी दिखाई, इसके बाद जांच से ध्यान हटा लिया। इसका फायदा उठा कर प्रवीण के हत्यारोपी आज भी खुलेआम घूम रहे हैं। छानबीन के दौरान पुलिस को हत्यारोपी युवकों की एक सीसीटीवी फुटेज भी मिली थी, जिसके आधार पर क्राइम ब्रांच ने आरोपियों की पहचान हो जाने का दावा भी किया था। गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच की टीमों ने फरीदाबाद, पलवल व दिल्ली के कुछ संभावित ठिकानों पर दबिश भी दी, लेकिन आरोपी पुलिस टीम को चकमा देकर फरार हो गए। इस मामले में क्राइम ब्रांच की टीम आज भी खाली हाथ है। पुलिस प्रवक्ता एसीपी धारणा यादव ने बताया कि आरोपियों की तलाश की जा रही है, जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।