जिलेभर में चाक-चौबंद रहेगी सुरक्षा व्यवस्था, 1000 पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। 28 मई को मनाए जाने वाले ईद-उल-जुहा (बकरीद) पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए पुलिस ने जिलेभर में व्यापक सुरक्षा इंतजाम शुरू कर दिए हैं। पुलिस आयुक्त सतेंद्र कुमार गुप्ता के दिशा-निर्देशन में सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
इसी क्रम में 25 मई को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में सहायक पुलिस आयुक्तों के नेतृत्व में पैदल मार्च निकाला गया। इस दौरान ईआरवी, राइडर स्टाफ और थाना पुलिस बल ने बाजारों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले इलाकों, मुख्य मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने व्यापारियों, धर्मगुरुओं, सामाजिक संगठनों और स्थानीय लोगों से संवाद कर शांति, भाईचारा और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की भ्रामक जानकारी साझा न करने को कहा गया।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने या सांप्रदायिक सौहार्द खराब करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस द्वारा 27 मई को भी शाम 6 बजे से रात 9 बजे तक थाना स्तर पर पैदल मार्च जारी रखा जाएगा।
बकरीद के दौरान सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए जिलेभर में करीब 1000 पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। इसके अलावा लगातार गश्त, क्विक रिस्पांस टीम की सक्रियता और सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी सुनिश्चित की जाएगी। फरीदाबाद पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वस्तु या गतिविधि की सूचना तुरंत डायल-112, पुलिस कंट्रोल रूम नंबर 999915000 या नजदीकी थाना पुलिस को दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।