संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-77 स्थित बीपीटीपी पार्क एलीट फ्लोर सोसाइटी के निवासी पिछले पांच वर्षों से पीएनजी की आपूर्ति शुरू होने का इंतजार कर रहे हैं। उनका आरोप है कि आवेदन के कुछ समय बाद अदाणी कंपनी ने पाइपलाइन और गैस मीटर लगा दिए और निर्धारित शुल्क भी वसूल लिया लेकिन आज तक किसी भी परिवार को गैस की आपूर्ति शुरू नहीं की गई।
निवासियों के अनुसार, कंपनी ने उस समय तीन महीने के भीतर पीएनजी की आपूर्ति शुरू करने का आश्वासन दिया था। शुरुआती आवेदनों के बाद बड़ी संख्या में अन्य लोगों ने भी कनेक्शन के लिए आवेदन किए, लेकिन पांच वर्ष बीत जाने के बावजूद सोसाइटी में किसी भी घर तक पीएनजी नहीं पहुंची है। इस दौरान कई बार शिकायतें भी दी गई, लेकिन न तो कोई ठोस समाधान मिला और न ही गैस आपूर्ति शुरू होने की कोई निश्चित समय-सीमा बताई गई।