फरीदाबाद। खंड स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में अच्छा प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को शिक्षा विभाग ने बड़ी राहत दी है। शिक्षा निदेशालय ने स्टूडेंट रजिस्ट्रेशन पोर्टल को दोबारा खोल दिया है। अब पात्र खिलाड़ी 12 अगस्त तक अपना पंजीकरण करा सकेंगे।
वहीं, स्कूलों में कार्यरत पीटीआई और डीपीई का विवरण दर्ज करने के लिए स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर पोर्टल 9 अगस्त तक खुला रहेगा। माध्यमिक शिक्षा महानिदेशक की ओर से जारी आदेशों के अनुसार सत्र 2026-27 की ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं पूरी हो चुकी हैं, जबकि जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं जारी हैं। कई खिलाड़ियों ने किसी कारणवश निर्धारित समय में पोर्टल पर पंजीकरण नहीं किया था। ऐसे खिलाड़ियों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विभाग ने स्टूडेंट रजिस्ट्रेशन पोर्टल दोबारा शुरू करने का निर्णय लिया है। शिक्षा विभाग ने जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को इसको लेकर निर्देश दिए हैं। निर्देशानुसार खंड शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से सरकारी और मान्यता प्राप्त निजी स्कूलों से संपर्क कर पात्र खिलाड़ियों का समय पर पंजीकरण सुनिश्चित कराएं। इसके अलावा, पीटीआई और डीपीई का रिकॉर्ड अपडेट करने के लिए स्पोर्ट्स इन्फ्रास्ट्रक्चर पोर्टल 9 अगस्त तक सक्रिय रहेगा, ताकि स्कूलों के खेल संबंधी आंकड़े समय पर अपडेट किए जा सकें। संवाद