- अधिकारियों ने 19 सूत्रीय मांगों को जल्द पूरा करने का दिया आश्वासन
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। हरियाणा स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड वर्कर यूनियन सर्कल के प्रतिनिधिमंडल और निगम अधिकारियों के बीच शुक्रवार को सेक्टर-23 स्थित अधीक्षण अभियंता के कार्यालय में बैठक हुई। अधीक्षण अभियंता जितेंद्र सिंह ढुल के निमंत्रण पर आयोजित इस बैठक में कर्मचारियों की 19 सूत्रीय मांगों पर विस्तार से चर्चा की गई। यूनियन की ओर से सर्कल सचिव लेखराज चौधरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया। इस दौरान प्रदेश कमेटी के नेता विनोद शर्मा (चीफ ऑर्गनाइजर), स्टेट उपप्रधान एवं ग्रेटर फरीदाबाद यूनिट के प्रधान सुनील चौहान व स्टेट जॉइंट सेक्रेटरी परवीन शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे।
बैठक में कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मामलों पर चर्चा हुई। यूनियन ने बताया कि हाल ही में निगम की ओर से करीब 350 टी एंड पी (टूल्स एंड प्लास) किट बैग वितरित किए गए हैं, जो अपर्याप्त हैं। यूनियन ने अतिरिक्त किट बैग उपलब्ध कराने की मांग उठाई, जिस पर अधिकारियों ने करीब 400 और किट बैग जल्द उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया।
इसके अलावा एसीपी, एलटीसी, सर्विस बुक, मेडिकल व टीए बिल, लोन एडवांस, हाउस अलॉटमेंट, व्हीकल बिल, बिल्डिंग रिपेयरिंग व मेंटिनेंस, पेंशनर मामलों, स्टाफ की कमी और फीडर मेंटनेंस जैसे मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। यूनियन पदाधिकारियों और अधिकारियों के बीच इन मुद्दों को लेकर गहन विचार-विमर्श हुआ।
अधीक्षण अभियंता ने यूनियन को भरोसा दिलाया कि एजेंडे में शामिल सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान किया जाएगा। बैठक में यूनियन के अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे, जिनमें सचिव नरेश कुमार, एनआईटी फरीदाबाद यूनिट के प्रधान सोनू गोला, सचिव मुकेश धतीर, ओल्ड फरीदाबाद यूनिट के प्रधान मुकेश शर्मा, सचिव सत्यवान लोहचब, सुपरिटेंडेंट टेकचंद बघेल व बल्लभगढ़ के एक्सईएन संजय कुमार मंगला शामिल रहे।