विधायक ने लगाई अधिकारियों को फटकार, निलंबित करने की दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सबका साथ सबका विकास और सबका विश्वास की नीति के तहत बड़खल विधानसभा क्षेत्र में आयोजित जनसंवाद रैली में लोगों की नाराजगी देखने को मिली। गांव लक्कड़पुर में लोगों की शिकायत पर विधायक राजेश नागर ने निगम के सफाई कर्मचारियों को जमकर लताड़ा और उनको निलंबित किए जाने की बात तक कही।
गांव अनंगपुर, अनखीर, मेवला महाराजपुर, फतेहपुर चंदीला, भाकरी में आयोजित जन संवाद कार्यक्रम में लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं और काम न होने पर नाराजगी प्रकट की। अनंगपुर गांव में स्थानीय लोगों ने गांव की समस्याएं रखते हुए कहा कि गांव में न तो खेलने के लिए मैदान है और न ही सड़क, सीवर की सुविधा है। वहीं, गांव अनखीर के लोगों ने गांव में चल रहे सीवर के काम में देरी की बात कही। उन्होंने कहा कि सीवर व पानी के काम के चलते ग्रामीणों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। फतेहपुर चंदीला के लोगों ने गांव में सुविधाएं उपलब्ध न होने और स्थानीय विधायक पर समस्याएं न सुनने का आरोप लगाया। ग्रामीणों का आरोप था कि मूलभूत सुविधाओं के लिए भी गांव के लोग तरस रहे हैं। वहीं, गांव भाकरी व मेवला महाराजपुर में बड़खल विधानसभा से विधायक सीमा त्रिखा द्वारा कराए गए कार्याें की प्रशंसा की और कहा कि भाजपा के शासनकाल में अंत्योदय की भावना के तहत कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही इनका लाभ अंतिम छोर तक बैठे व्यक्ति तक पहुंचाने का काम किया जा रहा है।