बल्लभगढ़। कुछ दिन पूर्व आई बारिश के बाद उमस भी बढ़ गई है। वहीं तीन दिन से तेज धूप से लोगों के पसीने छूट रहे हैं। तपती गर्मी में शहर और गांव की बिजली भी साथ नहीं दे रही है। बिजली की आंख-मिचौली से कई घरों में इनवर्टर जवाब दे गए। इससे लोग परेशान नजर आ रहे हैं। गर्मी के बेतहाशा पड़ने की वजह से लोगों को इस समय राहत पाने के लिए बिजली की जरूरत सबसे अधिक होती है। वहीं लोग जब बिजली कार्यालय में फोन लगाते हैं, पहले तो फोन लगता ही नहीं है तब फोन लगता है तो रिसीव नहीं किया जाता। इस समय शहर व गांव की बिजली व्यवस्था चरमराई हुई है। लोगों की रात व दिन में नींद पूरी न होने से उनको काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, जिससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ रहा है।
ग्रामीण क्षेत्र में बिजली संकट के चलते आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दिन में बिजली की आंख-मिचौली से इधर-उधर बैठ कर काम चल जाता है, लेकिन रात्रि के समय बिजली की आंख-मिचौली परेशान करने वाली होती है।
-योगेश अधाना
इस तपाने वाली गर्मी में रात्रि के समय में कट नहीं लगाना चाहिए। वहीं आने वाले समय में किसानों को खेतों में बिजाई के लिए बिजली की आवश्यकता होगी। अगर ऐसा ही चला तो यह किसानों के लिए परेशानी का कारण बन सकती है।
-विनय भाटी
पहले गांवों में बिजली के कट लगते थे, लेकिन अब शहर में भी बिजली की आंख-मिचौली का सिलसिला बना हुआ है। इसके कारण कई बार चिलचिलाती धूप के चलते पड़ रही गर्मी और बिजली की आंख मिचौली के चलते पढ़ाई करने में परेशानी होती है।
सागर सिंह, आदर्श नगर, बल्लभगढ़
इस समय गर्मी अपने चरम पर है और कोरोना के चलते लोग घरों में ही रहते हैं। गर्मी और ऊपर से बिजली का कट लगने के कारण काफी परेशान होती है। बिजली विभाग को व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए।
-प्रदीप गुप्ता, महावीर कॉलोनी, बल्लभगढ़