रेलवे प्रशासन से समस्या को गंभीरता से लेते हुए उचित कदम उठाने की मांग
संवाद न्यूज एझेंसी
फरीदाबाद। दिल्ली से पलवल और मथुरा रूट पर चलने वाली ईएमयू ट्रेनों में महिला यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं। महिला यात्रियों का आरोप है कि फरीदाबाद, न्यू टाउन और बल्लभगढ़ स्टेशनों से कुछ पुरुष जानबूझकर महिला कोच में सवार हो जाते हैं। इसके बाद महिला यात्रियों को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है।
महिला यात्रियों का कहना है कि महिला डिब्बे में पुरुषों के प्रवेश के साथ ही उन्हें परेशानियों का सामना करना पड़ता है। आरोप है कि कुछ लोग महिलाओं को घूरते हैं और आपत्तिजनक टिप्पणियां भी करते हैं। शाम के समय स्थिति और ज्यादा खराब हो जाती है, जब भीड़ बढ़ने के कारण समस्या गंभीर हो जाती है।
यात्रियों ने रेलवे से मांग की है कि महिला कोचों में नियमित जांच की जाए और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। उनका कहना है कि महिला डिब्बों को सुरक्षित रखने के लिए रेलवे सुरक्षा बल को सख्ती बरतने की जरूरत है।
महिला यात्रियों ने अपील की है कि रेलवे प्रशासन इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए उचित कदम उठाए, ताकि महिलाएं बिना डर के सफर कर सकें।