फरीदाबाद। जिले में कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन अभियान धीमा पड़ गया है। रविवार को वैक्सीन की कमी के कारण स्वास्थ्य विभाग की ओर से सीमित सेंटरों पर टीके लगाए गए। इस दौरान सेंटरों के बाहर लोगों की लंबी लाइन देखने को मिली। घंटों इंतजार के बाद लोगों को वापस घर भेज दिया गया है। इससे लोग काफी परेशान है।
स्वास्थ्य विभाग की तरफ से रविवार को तीन सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों पर टीकाकरण किया गया। बीके सिविल अस्पताल, सेक्टर-3 स्थित एफआरयू-2 व सेक्टर-8 स्थित ईएसआई अस्पताल में टीके लगाए गए। कम सेशन होने के कारण केंद्रों पर लोगों की भीड़ देखने को मिली। बीके सिविल अस्पताल में बाकी दिनों की तुलना में लोगों की लंबी लाइन लगी रही। सुबह ही 150 से ज्यादा लोगों को टोकन बांट दिए गए। इस दौरान टीकाकरण केंद्र से लेकर पोस्टमार्टम हाउस तक टीका लगवाने वाले लोगों की लाइन लगी हुई है। दोपहर बाद वैक्सीन खत्म होने पर कई लोगों को निराश होकर वापस घर लौटा दिया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रणदीप सिंह पुनिया ने बताया कि वैक्सीन की उपलब्धता के अनुसार टीकाकरण के सेशन आयोजित किए जा रहे हैं। सरकार की तरफ से जल्द वैक्सीन की नई खेप आने की उम्मीद है। इससे टीकाकरण अभियान को रफ्तार पकड़ेगा। रविवार को कुल 4138 लोगों को कोरोना बचाव का टीका लगाया गया। इनमें से 2627 टीके निजी अस्पतालों में व 1512 टीके सरकारी अस्पतालों में लगाए गए। इनमें 18 से 44 साल तक की उम्र के 2666 लोगों को टीके लगाए गए। वहीं, 45 साल से अधिक उम्र के 1471 लोगों व 2 फ्रंट लाइन वर्कर्स को टीके लगाए।