फरीदाबाद संजय कॉलोनी में पीने के पानी की समस्या से जूझ रहे लोग घरों के बाहर रखे ड्रम। संवाद
पेयजल आपूर्ति नहीं होने के कारण टैंकर पर रहना पड़ रहा है निर्भर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एक तरफ बरसात के कारण शहर में जलभराव की समस्या हो रही है। वहीं संजय कॉलोनी में पेयजल आपूर्ति नहीं होने के कारण निवासी काफी समय से परेशान हैं। लोगों को टैंकर के पानी पर निर्भर रहना पड़ रहा है। इसका असर उनकी आर्थिक स्थिति पर भी पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हुआ है।
कॉलोनी की निवासी सीता का कहना है कि हम अब परेशान हो चुके हैं। पानी की समस्या का कोई समाधान नहीं निकाला जा रहा है। इसकी वजह से पूरी गली में लोगों ने घरों के बाहर बड़े- बड़े ड्रम रख लिए हैं। प्रतिदिन टैंकर बुलाकर लोग पानी भरवाते हैं, इससे हमारा आर्थिक नुकसान हो रहा है।
वहीं शकुंतला ने बताया कि महीनों से पानी नहीं आ रहा है। पहले हम बाहर ड्रम भरवाते हैं, फिर पानी बर्तन में डालकर अंदर ले जाते हैं। इसके बाद घर के सभी कार्य होते हैं। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। निवासियों का कहना है कि उन्होंने पार्षद, विधायक व अन्य संबंधित अधिकारियों को समस्या से अवगत कराया है, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।