लोगों का कहना- सुविधाओं का अभाव, बिल्डर नहीं कर रहा सोसाइटी हैंडओवर
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-77 स्थित केएलजे सोसाइटी को हैंड ओवर नहीं करने से निवासी परेशान हैं। इसको लेकर निवासियों ने धरना प्रदर्शन कर बिल्डर के खिलाफ नारेबाजी की। निवासियों का कहना है कि उन्हें बेहतर सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं और न ही बिल्डर उन्हें सोसाइटी हैंडओवर कर रहा है।
केएलजे आरडब्ल्यूए चंद्रशेखर ने बताया कि बिल्डर उनसे हर माह ढाई में तीन हजार रुपये रखरखाव शुल्क वसूलता है। इतने रुपये लेने के बाद भी बिल्डर की ओर से कोई सुविधा नहीं दी जा रही है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि बिल्डर की ओर से सुविधाएं नहीं मिलीं तो हर रविवार को सोसाइटी निवासी एकत्रित होकर विरोध प्रदर्शन करेंगे। स्थानीय निवासी विधि उपाध्याय और पवन कुमार ने बताया कि अधिक गर्मी के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो रहा है लेकिन सोसाइटी में बिजली के कई कट लगते हैं। वहीं, सोसाइटी में मरम्मत नहीं होने के चलते प्लास्टर झड़कर गिरने लगा है। वहीं, दूसरी ओर सोसाइटी में पार्किंग को लेकर भी समस्या बनी हुई है। यदि सुनवाई नहीं हुई तो बिल्डर के खिलाफ हजारों परिवार एकत्रित होकर संबंधित विधायक से शिकायत करेंगे।
अगली बैठक 13 जून को होगी
आरडब्ल्यूए प्रधान चंद्रशेखर और अन्य पदाधिकारियों के साथ शनिवार को हैंडओवर सौंपने के लिए बैठक हुई थी। हैंडओवर को लेकर अगली बैठक 13 जून को होगी। आरडब्ल्यूए को सोसाइटी हैंडओवर के लिए तैयार हैं। सोसाइटी से मिलने वाली समस्याओं को गंभीरता से लेकर ठीक कराया जाता है। इसके अलावा लिफ्ट में एक कर्मचारी की ड्यूटी हर समय रहती है। - पीके सिंह, उप प्रधान मेंटेनेंस और साइट इंचार्ज