कई महीनों से सेक्टर में मिट्टी वाला पानी सप्लाई किया जा रहा है
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-2 की जर्जर सड़क से सेक्टरवासियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं कई महीनों से सेक्टर में मिट्टी वाला पानी सप्लाई किया जा रहा है। यह समस्या मिल्क प्लांट के पीछे वाले पार्क में आयोजित बैठक में आरडब्ल्यूए के सदस्यों ने बताई। इस बैठक की अध्यक्षता होराम दरोगा ने की। बैठक में सबसे पहले आर डब्ल्यू ए प्रोग्रेसिव ने सेक्टर 2 में सीनियर सिटीजन क्लब बनाने की मांग उठाई।
महासचिव वीरेंद्र सिंह डंगवाल ने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस को आजादी का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि 7 अगस्त को हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के अधिकारी से मिलकर समस्याओं के बारे में अवगत करवाया था। उस समस्या से सबसे अहम सेक्टर 2 के 100 गज, 60 गज, और छत्तीस गज तथा 160 गज के घरों में पिछले डेढ़ महीने से दूषित पानी सप्लाई की थी। पानी में मिट्टी आ रही है। पानी पीने के लायक तो क्या नहाने और कपड़े धोने लायक भी नहीं है। इस बारे में लगभग 50 लोगों के हस्ताक्षर युक्त पत्र भी विभाग को दिया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसको लेकर प्रशासक ने कार्यकारी अभियंता को समाधान के लिए सख्त कदम उठाने के निर्देश दिए। वहीं आरडब्ल्यूए प्रोग्रेसिव ने गोवर्धन पार्क में ट्यूबवेल लगाने की मांग की थी। बैठक में प्रधान जगदीश चंद अधाना, वरिष्ठ उप प्रधान नरेश कुमार शर्मा, कोषाध्यक्ष एसपी त्यागी, जिला कमेटी सदस्य ओमप्रकाश, सह सचिव जगदीश प्रभाकर आदि मौजूद थे।