शोक सभा का किया गया आयोजन, एबीवीपी की ओर से निष्पक्ष जांच के लिए ज्ञापन सौंपा गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जेसी बोस विज्ञान और प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के शकुंतला हॉल में सोमवार को बीटेक तृतीय वर्ष (मैकेनिकल इंजीनियरिंग) की छात्रा वंशिका की स्मृति में शोक सभा का आयोजन किया गया। इसके साथ ही विश्वविद्यालय में सभी शिक्षण गतिविधियों को स्थगित रखा गया। दूसरी ओर परिजनों की ओर से आरोप लगाया गया है कि छात्रा को हॉस्टल से निकाल दिया गया था। उसको लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की ओर कुलपति को ज्ञापन देकर निष्पक्ष जांच की मांग की गई है।
9 अगस्त की शाम को रेवाड़ी के मोतला खुर्द गांव के रहने वाली वंशिका ने सरोजिनी गर्ल्स हॉस्टल के कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। सोमवार को शोक सभा का आयोजन किया गया। उसमें कुलपति प्रोफेसर सुशील कुमार तोमर, कुलसचिव प्रोफेसर अजय रंगा, मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग के अध्यक्ष प्रोफेसर अरविंद गुप्ता और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों सहित विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की ।
एबीवीपी ने निष्पक्ष जांच के लिए दिया ज्ञापन
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जेसी बोस विश्वविद्यालय फरीदाबाद इकाई के कार्यकर्ताओं व राज्य विश्वविद्यालय सह संयोजक दिव्यांशु यादव ने छात्रा वंशिका आत्महत्या प्रकरण में निष्पक्ष जांच हेतु सोमवार को कुलपति प्रोफेसर सुशील कुमार तोमर व रजिस्ट्रार अजय रांगा को ज्ञापन सौंपा। उनका कहना है कि यूनिवर्सिटी की छात्रा वंशिका की आत्महत्या की हृदय विदारक घटना ने पूरे छात्र समुदाय को व्यथित कर दिया है। इस मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की जाए। साथ ही आईसीसी (आंतरिक शिकायत समिति) को सक्रिय करते हुए पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच कराई जाए।
छात्रा की हॉस्टल फीस की हो रही है जांच
परिजनों ने आरोप लगाया है कि वार्डन ने छात्रा वंशिका को हॉस्टल से निकाल दिया था। छात्रा हॉस्टल की फीस जमा करने की रसीद को ढूंढ रही थी। हाॅस्टल के रिकॉर्ड में छात्रा की ओर से फीस भरने का कोई सबूत नहीं मिला है। हॉस्टल की फीस ऑनलाइन जमा होती है। इसलिए फीस जमा होने के बाद कर्मचारियों की ओर से तुरंत रसीद दे दी जाती है। रसीद मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जांच के लिए भेजा फोन और लैपटॉप
छात्रा वंशिका के कमरे से मिले मोबाइल फोन और एक लैपटॉप को जब्त कर फॉरेंसिक जांच के लिए पंचकूला भेज दिया है। साथ ही परिजनों ने जिस युवक पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है उसे जांच में शामिल होने के लिए बुलाया गया है। पुलिस की ओर से हर एंगल से जांच कर रही है। वहीं दूसरी ओर अभी परिजनों की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है।