बल्लबगढ़। चावला कॉलोनी के लोगों पर इन दिनों कोरोना और गंदे पानी की दोहरी मार पड़ रही है। करीब दो सौ घरों में पिछले एक हफ्ते से गंदा पानी सप्लाई हो रहा है। लोगों का कहना है कि लॉकडाउन के कारण प्राइवेट टैंकर भी सप्लाई नहीं कर रहे हैं। कुछ टैंकर संचालक पानी दे रहे हैं, लेकिन वह मनमाने रेट वसूल रहे हैं।
कॉलोनी निवासी लक्ष्मी देवी ने कहा कि सुबह शाम दो बार पानी आता है, लेकिन पानी बिल्कुल काला और बदबूदार है। इससे न तो कपड़े धो सकते हैं और न ही बर्तन साफ कर सकते हैं। कई घंटे तक पानी को बाल्टी में छोड़ना पड़ता है। जब गंदगी नीचे बैठ जाती है उसके बाद पानी को उबाल कर पीने में प्रयोग किया जाता है।
स्थानीय पार्षद दीपक चौधरी का कहना है कि पुराना ट्यूबवेल पानी छोड़ चुका है, उसमें गंदगी आ रही है। लॉकडाउन से ट्यूबवेल ठीक नहीं हो पा रहा है। 20 अप्रैल के बाद शायद कुछ ढील मिलेगी तो जल्द ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। फिलहाल टैंकर से पानी की व्यवस्था कराई जा रही है।