लोगों ने शिकायतों का जल्द समाधान करने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शहर में लगातार पड़ रही गर्मी के बीच कई रिहायशी इलाकों में बिजली कटौती ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है। घंटों बिजली बाधित रहने से लोगों को उमसभरी गर्मी के साथ पेयजल संकट का भी सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि कई बार बारिश होते ही बिजली गुल हो जाती है और लंबे समय तक आपूर्ति बहाल नहीं होती। लोगों ने बिजली निगम से निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और शिकायतों का जल्द समाधान करने की मांग की है।
डबुआ, गाजीपुर, पाली, भारत कॉलोनी, सेहतपुर, पर्वतीय कॉलोनी, बल्लभगढ़, बड़खल, ओल्ड फरीदाबाद, सेक्टर-3 और सेक्टर-10 समेत कई इलाकों में बिजली कटौती की शिकायतें सामने आई हैं। कई जगह घंटों बिजली ठप रहने से घरों के इनवर्टर भी जवाब दे गए। सेहतपुर निवासी आंचल और प्रदीप ने बताया कि उमस भरी गर्मी में बिजली नहीं होने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी होती है।
गाजीपुर निवासी सोनू और गुलशन ने बताया कि बिजली कटौती का असर पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ रहा है। बिजली नहीं होने से मोटर नहीं चल पा रही है, जिससे कई घरों में पानी की किल्लत हो रही है। लोगों को पानी की वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ रही है। लोगों का कहना है कि शिकायत दर्ज कराने के बावजूद कई क्षेत्रों में घंटों बाद भी बिजली आपूर्ति सामान्य नहीं हो पाती। लोगों ने बिजली निगम से निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने और शिकायतों का जल्द समाधान करने की मांग की है।