फरीदाबाद। पल्ला सेहतपुर रोड पर बृहस्पतिवार सुबह करीब 10 बजे निवासियों ने रोड जाम कर दिया। निवासियों का कहना है कि करीब एक सप्ताह से बिजली को लेकर काफी समस्या हो रही है। जिसके कारण पानी की किल्लत भारी समस्या बन गई है।
प्रदर्शन के दौरान महिलाओं का गुस्सा फूट पड़ा। निवासी पूजा ने बताया कि पानी की समस्या गंभीर हो गई है। घर में छोटे- छोटे बच्चे हैं। उनकी जरूरत के लिए भी पानी खरीदना पड़ रहा है। सुबह नहाने और गृह कार्य करने में काफी समस्या हो रही है। सुबह स्कूली बच्चे और लोग दफ्तर जाने में देरी से पहुंचते हैं।
कई बार बिजली विभाग से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल रहा। मजबूरन हमें सड़क पर उतरना पड़ा है। भीषण गर्मी में निवासी रात्रि में सो नहीं पा रहे हैं। गर्मी के कारण छोटे बच्चे बीमार पड़ रहे हैं। बिजली न होने के चलते पानी नहीं मिल पा रहा है, बाहर टैकरों से खरीदने को मजबूर हो रहे हैं। इससे हमारी आर्थिक स्थिति पर अधिक असर पड़ रहा है।
महिला कविता ने बताया कि एक सप्ताह से बिजली केवल दो से तीन घंटे के लिए ही आती है। इससे हम सभी काफी परेशान हैं। करीब डेढ़ से दो घंटे तक प्रदर्शन करने के बाद मौके पर बिजली कर्मचारी पहुंचे। जिन्होंने लोगों को समझा बुझाकर वापस भेजा। कर्मचारियों ने बताया कि बिजली का ट्रांस्फार्मर बदलना पड़ेगा। इसको जल्द बदला जाएगा, जिससे बिजली आपूर्ति बहाल हो सके। संवाद