- शहर में बिजली बाधित होने के चलते लोगों को हुई असुविधा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बरसात के बाद शहर के कई इलाकों में कीचड़ और गंदगी की समस्या ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। सोमवार सुबह लोगों को दफ्तर जाने में असुविधा का सामना करना पड़ा, वहीं स्कूली छात्रों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। कई गलियों में पानी भरने के कारण कीचड़ और गंदगी फैल गई, जिससे पैदल चलना मुश्किल हो गया।
चाचा चौक निवासी हेमा और ललीता का कहना है कि बारिश के बाद गलियों की स्थिति बदतर हो गई। छोटे बच्चों और बुजुर्गों को विशेष रूप से दिक्कत हुई, क्योंकि उन्हें कीचड़ भरे रास्तों से होकर गुजरना पड़ा। कई स्थानों पर सड़कों में बने गड्ढों में पानी भर जाने से वाहन चालकों को भी सावधानी बरतनी पड़ी, जिससे यातायात की रफ्तार धीमी रही।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी कई जगहों पर सड़क किनारे पानी जमा रहा, जिससे वहां से गुजरने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। जलभराव के कारण फिसलन बढ़ गई और दुर्घटना की आशंका बनी रही।
बिजली आपूर्ति भी रही बाधित
इसके अलावा, बारिश के बाद कई क्षेत्रों में बिजली संकट भी देखने को मिला। सेक्टर - 25 निवासी ओमप्रकाश का कहना है कि रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रहने से लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। बिजली न होने के कारण सुबह पानी की आपूर्ति भी प्रभावित हुई। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से जल्द से जल्द जल निकासी और सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की है, ताकि ऐसी समस्याओं से राहत मिल सके और लोगों को दैनिक जीवन में आने वाली परेशानियों से निजात मिल सके।