बीके अस्पताल में प्रतिदिन सौ से अधिक मरीज पहुंच रहे
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बढ़ते प्रदूषण और सर्दी का असर अब लोगों की त्वचा पर साफ नजर आने लगा है। जिले के अस्पतालों में त्वचा संबंधी समस्याओं के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बीके अस्पताल में प्रतिदिन सौ से अधिक मरीज इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। जबकि पहले केवल 50 के करीब ही मरीज उपचार के लिए पहुंच रहे थे।
बीके नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. योगेश गुप्ता ने बताया कि सर्दियों में बच्चों और महिलाओं के चेहरे पर इसका ज्यादा प्रभाव पड़ता है। ठंड और प्रदूषण के कारण त्वचा रूखी हो जाती है, जिससे चेहरा और हाथ- पैर फटने लगते हैं और तेज जलन की समस्या होती है। इसके अलावा मुंहासे और खुजली की शिकायतें भी बढ़ रही हैं। डॉ. योगेश गुप्ता ने लोगों को सलाह दी है कि सर्दियों में नियमित रूप से अच्छे मॉइश्चराइजर इस्तेमाल करें।
चिकित्सकों के अनुसार, त्वचा फटने और मुंहासों की वजह से बड़ी संख्या में मरीज अस्पताल पहुंच रहे हैं। उन्होंने बताया कि बाहर निकलते समय मुंह पर कपड़ा बांध कर रखें। ठंडी हवाएं चेहरे पर न पड़ने दें। नियमित रूप से पानी पीना चाहिए और प्रदूषण से बचाव के लिए उचित सावधानियां बरतें। उन्होंने चेतावनी दी कि बाजार में मिलने वाली बाहरी क्रीमों का बिना डॉक्टर की सलाह के प्रयोग न करें, क्योंकि इससे त्वचा की समस्या और बढ़ सकती है।