संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। चावला कॉलोनी में गुरुद्वारा के पास इलाके में पिछले कई दिनों से बिजली आपूर्ति की स्थिति बेहद खराब बनी हुई है। स्थानीय निवासियों के अनुसार, बिना किसी निर्धारित समय के बार-बार बिजली कटौती की जा रही है, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
निवासी वीरेंद्र ने बताया कि कभी रात 2 बजे, तो कभी सुबह 7 बजे और फिर 10 बजे बिजली काट दी जाती है। इसके कारण लोग रात में सही से नींद नहीं ले पा रहे हैं। भीषण गर्मी में लोगों का घरों में रहना तक मुश्किल हो गया है।
इस अनियमितता के कारण आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। गर्मी के इस मौसम में बच्चों, बुजुर्गों और कामकाजी लोगों को विशेष दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या अब रोज की बन चुकी है, लेकिन संबंधित विभाग की ओर से कोई स्थायी समाधान नहीं किया जा रहा।
निवासी बिट्टू ने बताया कि कई बार बिजली विभाग में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। लाइनमैन को बार- बार फोन करने पर भी कॉल नहीं उठाई जाती। कभी-कभी कॉल उठाने पर भी सही जानकारी नहीं दी जाती, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
स्थानीय लोगों ने इसे विभाग की गंभीर लापरवाही बताते हुए तत्काल सुधार की मांग की है। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि बिजली आपूर्ति को नियमित किया जाए और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी समस्याओं से राहत मिल सके।