ट्यूबवेल खराब होने पर पेजयल आपूर्ति बाधित होने की निगम ने बताई मजबूरी
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शहर के एनआईटी-5 के एल ब्लॉक में 5 दिनों से पानी न आने से सेक्टरवासियों में नाराजगी दिखाई दी। निगम की ओर से बताया गया कि दो ट्यूबवेल खराब हैं। आक्रोशित लोगों का कहना है कि निगम के जेई, एक्सईएन और स्थानीय पार्षद से शिकायत के बाद भी पानी नहीं पहुंचा है।
नगर निगम के बड़खल डिवीजन अंतर्गत एनआईटी-5 क्षेत्र के एल ब्लॉक में 4 दिनों से पेयजल समस्या बनी हुई हैं। इससे क्षेत्र के करीब 100 घरों में पानी की किल्लत बन गई है। स्थानीय निवासी दिलीप लूथरा समेत अन्य लोगों ने बताया कि सभी लोगों ने नगर निगम कर्मियों और अधिकारियों को शिकायत की है लेकिन पानी नहीं पहुंचा। लोगों को निगम की ओर से बताया गया कि दो ट्यूबवेल खराब हो गए हैं। बूस्टिंग स्टेशन की मोटर भी खराब हो गई है। निगम की ओर से दावा किया गया है की रविवार रात मोटर ठीक हो गई और पेयजल की आपूर्ति की जा रही है लेकिन लोगों का कहना है कि आपूर्ति नहीं हो रही है।
-
निवासी पैसे देकर टैंकर से ले रहे पानी
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि निगम की ओर से अब तक केवल एक बार टैंकर से पानी भेजा गया था। पानी की अधिक जरूरत के अनुसार लोगों को स्वयं पैसे देकर टैंकर से पानी मंगाना पड़ रहा है। इस बारे में निगम के कार्यकारी अभियंता महेंद्र सिंह का कहना है कि मोटर ठीक होने के बाद पानी की आपूर्ति की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि पानी क्यों नहीं घरों तक नहीं पहुंच रहा है। इसका जल्द निस्तारण कराया जाएगा।