वार्ड नंबर-7 स्थित नंगला एंक्लेव पार्क-2 में काफी समय से बनी हुई है समस्या
पुलिस की टीम ने लोगों को समझाकर जाम खुलवाया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। वार्ड नंबर-7 स्थित नंगला एंक्लेव पार्क-2 के निवासियों ने पेयजल और बिजली संकट से परेशान होकर रविवार रात करीब नौ बजे सुभाष चौक पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन और संबंधित विभागों के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द समस्याओं के समाधान की मांग की। करीब दो घंटे तक चले प्रदर्शन के कारण यातायात प्रभावित रहा और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय निवासी पूजा, सुनीता, बिकेश और सुधीर ने बताया कि क्षेत्र में पिछले करीब डेढ़ महीने से नियमित पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। वहीं रात के समय लंबे बिजली कट लगने से लोगों का घरों में रहना मुश्किल हो गया है। गर्मी के कारण बच्चे, बुजुर्ग और कामकाजी लोग सबसे अधिक प्रभावित हैं। उनका आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
निवासियों ने बताया कि क्षेत्र की गलियों की खुदाई के बाद उन्हें दोबारा नहीं बनाया गया, जिससे जगह-जगह गड्ढे बने हुए हैं। आए दिन लोग गिरकर चोटिल हो रहे हैं। लोगों का आरोप है कि पार्षद की ओर से कभी-कभी पानी के टैंकर भेजे जाते हैं, लेकिन इससे सभी परिवारों को पानी नहीं मिल पाता और विवाद की स्थिति बन जाती है। उन्होंने कहा कि उन्हें टैंकर नहीं, बल्कि प्रत्येक घर तक नियमित जलापूर्ति चाहिए।
निवासी चंचल और अरुणा ने बताया कि सप्लाई में गंदा और बदबूदार पानी आ रहा है, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पर्वतीय कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो अगली बार बड़ा प्रदर्शन होगा, जिसमें छोटे बच्चे भी मौजूद होंगे और इसका जिम्मेदार प्रशासन और सरकार होगी।
सुरूरपुर के श्याम नगर के लोग भी भड़के
फरीदाबाद। सुरूरपुर के श्याम नगर के फेज 1 और 2 के लोगों ने भी बिजली समस्या को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ नारे लगाए और जल्द समस्या के समाधान की मांग की।