फरीदाबाद। केंद्र और हरियाणा सरकार की ओर से वर्षों से लंबित मांगों पर निर्णय नहीं लिए जाने से पेंशनर्स में नाराजगी बढ़ रही है। इसको लेकर रविवार को सेक्टर- 19 स्थित कार्यालय में बैठक आयोजित की गई, जहां सभी ने अपने विचार रखे। हरियाणा राज्य पेंशनर्स समाज फरीदाबाद के अध्यक्ष एसएस बंगा ने सरकार से लंबित मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले भी हरियाणा राज्य पेंशनर्स समाज की राज्य स्तरीय बैठकें 16 मई को सिरसा और 20 से 22 जून तक रोहतक में संपन्न हुईं, जिनमें पेंशनर्स से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। एसएस बंगा ने बताया कि प्रमुख मांगों में 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूरी करने पर प्रत्येक पांच वर्ष बाद पांच प्रतिशत अतिरिक्त पेंशन, पेंशन कम्यूटेशन की वसूली अवधि 15 वर्ष से घटाकर 12 वर्ष करना, कैशलेस चिकित्सा सुविधा, फैमिली एलटीसी की बहाली और आठवें वेतन आयोग में पेंशन को अनफंडेड लाइबिलिटी न मानते हुए न्यायसंगत सिफारिशें शामिल हैं। इसके अलावा हरियाणा राज्य पेंशनर्स समाज के प्रतिनिधिमंडल को सरकार के साथ वार्ता के लिए जल्द बुलाने की भी मांग की गई है। संवाद