संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। तिगांव विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली इंद्रप्रस्थ कॉलोनी में रविवार को बांग्लादेश में कट्टरपंथियों द्वारा हिंदुओं पर किए जा रहे अत्याचार के विरोध में शांति मार्च निकाला गया। कॉलोनीवासियों ने अनुशासित तरीके से अपनी भावनाएं व्यक्त करते हुए मानवीय मूल्यों और शांति का संदेश दिया। शांति मार्च का उद्देश्य पीड़ितों के प्रति संवेदना और वैश्विक शांति का संदेश देना रहा।
मार्च के दौरान बच्चों द्वारा तैयार किए गए बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस के प्रतीकात्मक पुतले का दहन कर लोगों ने अपना विरोध दर्ज कराया। गलियों में गूंजते जयकारों के साथ यह मार्च पूरी तरह शांतिपूर्ण रहा, जिसमें महिलाओं और बच्चों की सक्रिय भागीदारी ने कार्यक्रम को और अधिक सार्थक बना दिया।
शांति मार्च की शुरुआत कॉलोनी के पॉकेट-ए स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा से हुई, जो पूरी कॉलोनी में भ्रमण करते हुए एकता और सौहार्द का संदेश देती रही। आयोजन के दौरान अनुशासन, आपसी सहयोग और शांति बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया।
इस शांति मार्च में कॉलोनी के पूर्व प्रधान जेपी भारद्वाज, मेहरचंद जैन, गौरव बिंदल, गणवश, मुकुल चढ़ा, रमेश लम्बा, दीपक गोयल,वीरेंदर कौशिक, विवेक सचदेवा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।