जिला नागरिक अस्पताल के रक्त संग्रह कक्ष मरीजों और तीमारदारों को करना पड़ता है घंटों इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला नागरिक अस्पताल के रक्त संग्रह कक्ष में इन दिनों मरीजों की काफी भीड़ रह रही है। सीमित स्थान और लगातार बढ़ती मरीजों की संख्या के चलते लोगों को रक्त जांच के लिए सैंपल जमा कराने के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल पहुंचे मरीजों ने बताया कि सुबह से ही रक्त संग्रह कक्ष के बाहर लंबी कतार लग जाती है। स्टाफ और संसाधनों की कमी के कारण प्रक्रिया धीमी गति से चलती है। कई मरीजों ने बताया कि उन्हें सैंपल देने के लिए करीब दो घंटे तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा। इस दौरान बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। अस्पताल परिसर में जगह कम होने के कारण मरीजों को खड़े रहने तक के लिए पर्याप्त स्थान नहीं मिल पाता, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बनी रहती है।
रसोइये
मैं सुबह जल्दी अस्पताल पहुंच गया था, लेकिन सैंपल देने के लिए करीब दो घंटे तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा। अधिकारियों को इस समस्या का समाधान करना चाहिए। -शिवम, गोंछी निवासी
रक्त जांच के लिए यहां रोजाना भीड़ रहती है। खासकर बुजुर्गों और महिलाओं को लंबा इंतजार करना पड़ता है। गर्मी में तो लाइन में लोगों को काफी परेशानी होती है। -विनीत, जवाहर कॉलोनी निवासी
अस्पताल में जगह कम है और मरीज ज्यादा। इस वजह से खड़े रहने तक की जगह नहीं मिलती। यहां पर व्यवस्था बेहतर होनी चाहिए ताकि लोगों को राहत मिल सके। -विजेंदर, डबुआ कॉलोनी निवासी
बार-बार अस्पताल के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन समय पर जांच नहीं हो पाती। इससे इलाज में भी देरी हो रही है, जो मरीजों की सेहत के लिए चिंता का विषय है। -सुषमा, सेक्टर-22 निवासी
वर्जन
अस्पताल में अक्सर छुट्टियों के बाद ज्यादा भीड़ देखने को मिलती है, जिसके चलते दबाव बढ़ जाता है। कभी-कभी मरीज भी नियमों का पालन नहीं करते, जिससे व्यवस्था बिगड़ने लगती है। अस्पताल प्रशासन निरंतर बेहतरी का प्रयास कर रहा है। -डॉ. विकास गोयल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी