बीके अस्पताल की रोजाना पहुंच रहे 30 से 40 मरीज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में गर्मी का सितम बढ़ता जा रहा है। ऐसे में त्वचा में फंगल इन्फेक्शन और एलर्जी जैसी बीमारी मरीजों में अधिक देखने को मिल रही है। बीके अस्पताल की ओपीडी में प्रतिदिन 30 से 40 मरीज एलर्जी व इन्फेक्शन का उपचार कराने के लिए पहुंच रहे हैं। ऐसे में डॉक्टरों ने सभी को एहतियात बरतने की सलाह दी है।
बीके अस्पताल में त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. रुचिका ने बताया कि अस्पताल में पहले एलर्जी व इन्फेक्शन के 10 से 15 मरीज पहुंचते थे। लेकिन, अब गर्मी अधिक बढ़ने से मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। ऐसे में मरीजों में खुजली, दाद और एलर्जी की समस्या सामने आ रही है। उमस भरी गर्मी होने पर पसीना अधिक आता है। इससे शरीर में खुजली शुरू हो जाती है। फोड़ा-फुंसी निकलने लगते हैं।
त्वचा पर एलर्जी होने पर व्यक्ति को खुजली महसूस होने के साथ लाल दाने और चकत्ते भी पड़ने लगते हैं, जोकि धीरे-धीरे चर्म रोग का कारण भी बन सकते हैं। स्किन एलर्जी से निजात पाने के लिए लोग कई तरह की दवाओं और क्रीम का इस्तेमाल करते हैं। लेकिन, समस्या से छुटकारा नहीं मिलता है।
उन्होंने बताया कि गर्मी में जब ज्यादा पसीने निकलते हैं, तो कपड़े शरीर में चिपक जाते हैं। इस कारण से हमारे शरीर पर कई जगह पर फंगल इन्फेक्शन हो जाता है। इससे बचने के लिए ठंडा पानी व ठंडे पेय का अधिक इस्तेमाल करें। दिन में दो बार स्नान ठंडे पानी से करें। सूती कपड़ा ही पहनें। कपड़ों को रोजाना धोएं और बदलें, ताकि बैक्टीरिया फैलने की परेशानी न हो। जरूरी होने पर ही धूप में घर से निकलें। पसीना आने पर सूती कपड़े को भिगो कर तुरंत साफ कर लें।