जिला नागरिक अस्पताल में रिपोर्ट लेने के लिए भी लगानी पड़ रही दौड़
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला नागरिक अस्पताल में रक्त जांच कराने के लिए पहुंच रहे मरीजों को इन दिनों परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जांच कक्ष के बाहर मरीजों के खड़े रहने के लिए पर्याप्त जगह नहीं होने के कारण भीड़ लगी रहती है। मरीजों का कहना है कि रक्त का नमूना देने से लेकर रिपोर्ट प्राप्त करने तक उन्हें काफी समय इंतजार करना पड़ता है। कई बार रिपोर्ट लेने के लिए भी मरीजों को अस्पताल के अलग-अलग कक्षों के चक्कर लगाने पड़ते हैं।
अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे दो मरीजों ने बताया कि रक्त जांच कराने के लिए उन्हें काफी देर तक अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। डबुआ कॉलोनी निवासी परवेज ने बताया कि जांच के बाद रिपोर्ट मिलने में भी देरी हुई। रिपोर्ट के बारे में जानकारी लेने के लिए जब कर्मचारी से पूछा गया तो कभी ऊपर तो कभी नीचे जाने के लिए कहा गया। इससे मरीजों को काफी परेशानी हुई। वहीं पल्ला निवासी गुलाबो सिन्हा ने बताया कि जांच कक्ष के बाहर पहले से ही काफी भीड़ रहती है। बैठने की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण मरीजों और उनके स्वजन को खड़े होकर इंतजार करना पड़ता है।
मरीजों का कहना है कि अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में लोग जांच कराने पहुंचते हैं। ऐसे में जांच प्रक्रिया को व्यवस्थित करने और रिपोर्ट उपलब्ध कराने की व्यवस्था को बेहतर करने की जरूरत है। खासकर बुजुर्ग और गंभीर बीमारी से पीड़ित मरीजों को अधिक परेशानी होती है।
अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। रक्त जांच और रिपोर्ट से संबंधित प्रक्रिया को व्यवस्थित करने के लिए संबंधित कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं। जांच कक्ष के बाहर भीड़ न जमा हो, इसका भी ध्यान रखा जा रहा है।-डॉ. विकास गोयल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी