ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज शुरू करेगा हॉस्पिटल ऑन व्हील्स और लैब ऑन व्हील्स सेवा
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जल्द ही हॉस्पिटल ऑन व्हील्स (चलती-फिरती मेडिकल सेवा) और लैब ऑन व्हील्स (चलती-फिरती लैब सेवा) शुरू करने जा रहा है। इस पहल के तहत दो विशेष बसें कंपनियों के परिसर तक जाएंगी और उनमें मौजूद डॉक्टर कर्मचारियों का उपचार करेंगे। बसों में एक्स-रे, खून की जांच, नमूना संग्रह, चिकित्सीय परामर्श सहित कई जांच सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। अस्पताल प्रशासन ने इन बसों को दूर-दराज तक पहुंचने वाली, पहियों पर चलने वाली एम्बुलेंस नाम दिया है।
कॉलेज के डीन डॉ. चव्हाण कालिदास दत्तात्रेय ने बुधवार को इन बसों का निरीक्षण किया और स्टाफ से बातचीत करते हुए निर्देश दिए कि सेवाएं अस्पताल में गुरुवार से और कंपनियों में सोमवार से शुरू कराई जाएं।
दो बसें, दो अलग सुविधाएं
अस्पताल की ओर से चलाई जाने वाली पहली बस में एक्स-रे, डॉक्टर का केबिन और प्रतीक्षालय की सुविधा होगी, जबकि दूसरी बस लैब ऑन व्हील्स के रूप में कार्य करेगी, जिसमें खून की विभिन्न जांचें, पेशाब का नमूना और नमूना संग्रह की व्यवस्था रहेगी। इसके अलावा रक्त दान कैंप में एकत्र ब्लड को सुरक्षित रखने की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
कर्मचारियों को मिलेगी बड़ी राहत
ईएसआईसी अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 4 हजार से अधिक मरीज आते हैं, जिससे कर्मचारियों को परामर्श लेने में लंबा इंतजार करना पड़ता है। नई सुविधा से कंपनी के वर्कर सीधे अपने कार्यस्थल पर ही डॉक्टर से परामर्श और जांच करवाकर समय बचा सकेंगे। नर्सिंग कर्मचारी और अन्य तकनीकी कर्मी बसों के साथ तैनात रहेंगे।
अस्पताल प्रशासन के अनुसार दोनों बसों की मशीनें चालू हो चुकी हैं और इन्हें निर्धारित दिनों के हिसाब से कंपनियों में भेजा जाएगा। सेवा प्रारंभ होने के बाद मरीजों की भीड़ कम होने के साथ सुविधा स्तर में सुधार की उम्मीद है।