संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। बीके नागरिक अस्पताल की ओपीडी में सोमवार को अचानक पानी के पाइप में रिसाव होने से जलभराव और फिसलन की स्थिति बन गई। दंत रोग विशेषज्ञ की ओपीडी के बाहर शुरू हुए पानी के रिसाव ने कुछ ही देर में पूरे क्षेत्र को कीचड़ और गंदगी से भर दिया। इससे मरीजों और उनके परिजनों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ओपीडी में इलाज के लिए पहुंचे कई मरीज फिसलन की वजह से गिरते-गिरते बचे, जबकि कुछ लोग फिसलकर चोटिल भी हो गए। बच्चों और बुजुर्ग मरीजों को सबसे ज्यादा दिक्कत हुई।
मरीज रजनीश सिंह ने बताया कि ओपीडी के बाहर अचानक काफी पानी भर गया, जिससे लोगों को चलने में परेशानी हुई। एक अन्य मरीज संतोष देवी ने कहा कि फर्श पर कीचड़ और पानी फैला होने के कारण वह फिसलते-फिसलते बचीं, जबकि कुछ लोग फिसलकर गिर भी गए। वहीं परिजन सुनील ने बताया कि अस्पताल में पहले से ही भीड़ रहती है, ऐसे में जलभराव ने लोगों की परेशानी और बढ़ा दी।
स्थिति बिगड़ने पर अस्पताल प्रशासन ने सफाई कर्मचारियों को मौके पर भेजा। कर्मचारियों ने पानी निकालने और कीचड़ साफ करने का काम शुरू किया, हालांकि पाइप की मरम्मत में कुछ समय लग गया।
बीके नागरिक अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. विकास गोयल ने बताया कि पानी के रिसाव की सूचना मिलते ही टीम को मौके पर भेज दिया गया था। उन्होंने कहा कि स्थिति को जल्द ही नियंत्रित कर लिया गया और सफाई भी तुरंत करवाई गई।