बल्लभगढ़। सिविल अस्पताल में लोगों को कोरोना जांच की रिपोर्ट समय पर नहीं मिल रही है। रिपोर्ट के अभाव में लोग दूसरे दिन भी इलाज के लिए अस्पताल में भटकते रहे। हालांकि इस बीच लोगों ने कई बार विभागीय अधिकारियों से बात करने की कोशिश की, लेकिन उन्हें यह कह कर चलता कर दिया गया कि अभी विभाग में अधिकारी नहीं है कल आना। लोग बिना इलाज के मायूस होकर घर लौट रहे हैं। मंगलवार को पंजीकरण केंद्र पर काफी देर तक कोई अधिकारी न पहुंचने पर लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। इस दौरान लोगों ने अधिकारियों पर लापरवाही के आरोप लगाए। हंगामे की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे कर्मचारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। इस दौरान सामाजिक दूरी के नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई गईं।
सिविल अस्पताल में रोजाना करीब 700 मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन आलम यह है कि यहां न तो स्टाफ मरीज से ठीक से बात करता है और न लोगों की समस्या का समाधान किया जाता है। मंगलवार को अस्पताल में यही हालत देखने को मिले। लोग सुबह नौ बजे से कोरोना रिपोर्ट लेने के लिए कमरा नंबर 26-ए के बाहर इंतजार कर रहे थे। लेकिन काफी देर तक कर्मचारी नदारद थे और कमरा बंद था।
लोग अस्पताल में इधर-उधर रिपोर्ट की जानकारी ले रहे थे। कुछ अधिकारियों से भी लोगों ने जानकारी ली लेकिन कहीं कोई समाधान नहीं हुआ। अंत में थक हार कर वह वापस घर लौट आए। कई लोगों को निगेटिव रिपोर्ट कह टरकाया जा रहा था।
वहीं अस्पताल के कोरोना वैक्सीन पंजीकरण केंद्र पर लोगों की लंबी लाइन लग रही हैं। लोग सुबह आठ बजे से पंजीकरण केंद्र पर रजिस्ट्रेशन के लिए पहुंच जाते हैं।
पांच दिनों पहले कोरोना की जांच कराई थी आनलाइन भी रिपोर्ट नहीं मिल रही है। इसलिए अस्पताल के चक्कर लगा रहा हूं। यहां बुरी स्थिति है। रिपोर्ट तो मिल ही नहीं रही हैं। काफी परेशान हो चुका हूं।
- शिवम, सुभाष नगर बल्लभगढ़
कल भी रिपोर्ट के लिए आया था। जब रिपोर्ट देने से मना कर दिया गया। आज भी यही स्थिति हैं। अब काम पर वापस लौटने में दिक्कत आ रही है।
- राजवीर, सेक्टर-4 बल्लभगढ़
बीके अस्पताल में कोरोना रिपोर्ट बनकर आती हैं और आनलाइन भी लोगों को मिल जाती है। अस्पताल में कोरोना रिपोर्ट मिलने पर थोड़ी दिक्कत आ रही है। जल्द ही समस्याओं को समाधान कर दिया जाएगा।
- मान सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी, सिविल अस्पताल बल्लभगढ़