कई महत्वपूर्ण वार्ड ऊपरी मंजिलों पर संचालित हैं, सीढ़ियों के सहारे आवागमन करना पड़ता है
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला नागरिक बीके अस्पताल की लिफ्ट खराब होने से भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। अस्पताल की बहुमंजिला इमारत में जच्चा-बच्चा वार्ड, प्रसूति विभाग, नवजात गहन चिकित्सा इकाई (एनआईसीयू) सहित कई महत्वपूर्ण वार्ड ऊपरी मंजिलों पर संचालित हैं। ऐसे में मरीजों और उनके परिजनों को सीढ़ियों के सहारे ही आवागमन करना पड़ रहा है।
अस्पताल में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं। प्रसूति विभाग और एनआईसीयू में भर्ती मरीजों के परिजनों को दवाइयां लाने, जांच करवाने और अन्य जरूरी कार्यों के लिए दिन में कई बार ऊपर-नीचे जाना पड़ता है। लिफ्ट खराब होने से बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और छोटे बच्चों के साथ आने वाले परिजनों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है।
परिजनों का कहना है कि अस्पताल में कई मरीज ऐसे हैं, जिन्हें चलने-फिरने में दिक्कत होती है। ऐसे मरीजों को सीढ़ियों के जरिए ऊपर ले जाना मुश्किल हो जाता है। कई बार स्ट्रेचर और व्हीलचेयर की मदद से मरीजों को सीढ़ियों से ले जाना पड़ता है, जिससे हादसे की आशंका भी बनी रहती है।
पर्वतीय कॉलोनी निवासी ललित कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी अस्पताल में भर्ती है। दवाइयों और अन्य जरूरी कामों के लिए उन्हें दिन में कई बार ऊपर-नीचे जाना पड़ता है। उन्होंने कहा कि लिफ्ट का बटन दबाने पर लिफ्ट ऊपर-नीचे तो जा रही है, लेकिन उसका दरवाजा ही नहीं खुल रहा। ऐसे में मजबूरी में सीढ़ियों का इस्तेमाल करना पड़ रहा है, जिससे काफी परेशानी हो रही है।
वहीं एसजीएम नगर निवासी गौरीशंकर ने बताया कि उनके परिजन अस्पताल में भर्ती हैं। लिफ्ट का दरवाजा नहीं खुलने से मरीजों और तीमारदारों को काफी परेशानी हो रही है। कई बार दिन में चार से पांच बार सीढ़ियां चढ़नी और उतरनी पड़ती हैं। बुजुर्ग और बीमार लोगों के लिए यह स्थिति और भी मुश्किल है। अस्पताल प्रबंधन को जल्द समस्या का समाधान करना चाहिए।
लिफ्ट में तकनीकी खराबी आई है। संबंधित एजेंसी को इसे जल्द से जल्द ठीक कराने के निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही लिफ्ट को दुरुस्त कर दिया जाएगा, ताकि मरीजों और तीमारदारों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।-डॉ. विकास गोयल, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी