50 प्रतिशत से अधिक बच्चे अनार, फुलझड़ी और बम जलाते समय हुए घायल, बीके अस्पताल में पहुंचे करीब 50 मरीज
दो से तीन गंभीर घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद दिल्ली किया रेफर, निजी अस्पतालों में भी लगी रही मरीजों की भीड़
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिवाली पर आतिशबाजी का शौक कई लोगों के लिए मुसीबत बन गया। पटाखे जलाते समय बरती गई लापरवाही के कारण जिले में 250 से अधिक लोग झुलस गए। इनमें 50 प्रतिशत से अधिक बच्चे शामिल हैं। अनार, फुलझड़ी और बम जलाते समय बच्चे सबसे ज्यादा हादसों का शिकार हुए। किसी के हाथ झुलस गए तो किसी के चेहरे और पैरों पर पटाखों की चिंगारी से चोट आई।
वहीं, कई लोगों की आंखों में बारूद और पटाखों के धुएं के कारण जलन व लालिमा की शिकायत हुई। दिवाली के दिन सुबह से देर रात तक घायलों के अस्पताल पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। बीके नागरिक अस्पताल में रविवार रात पटाखों से झुलसे करीब 50 लोग उपचार के लिए पहुंचे। इनमें दो से तीन मरीजों की हालत गंभीर होने पर उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद दिल्ली रेफर करना पड़ा।
बीके अस्पताल में बेहतर उपचार सुविधाओं के अभाव में कई घायलों को निजी अस्पतालों का रुख करना पड़ा। निजी अस्पतालों में भी सुबह से देर रात तक मरीजों की भीड़ लगी रही। जिले के सभी निजी अस्पतालों में मामूली झुलसे लोग सहित करीब 200 लोगों उपचार के लिए पहुंचे। अधिकांश घायलों को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि कुछ लोग सोमवार को भी उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे।
हाथ में रखकर जलाए पटाखे, सुरक्षा के उपायों की अनदेखी बनी हादसों की वजह
पटाखों से झुलसने की अधिकांश घटनाओं के पीछे लापरवाही सामने आई। कई लोगों ने सुरक्षित दूरी बनाए रखने के बजाय हाथ में रखकर अनार और बम जलाए। वहीं, कुछ स्थानों पर रॉकेट जलाते समय उनकी दिशा पर ध्यान नहीं दिया गया। इससे निकली चिंगारी की चपेट में आसपास खड़े लोग भी आ गए। बच्चों की निगरानी में कमी और सुरक्षा नियमों की अनदेखी के कारण भी हादसे हुए। चिकित्सकों के अनुसार, पटाखे जलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी गंभीर चोट का कारण बन सकती है।
पटाखे नहीं जलाने वाले भी धुएं से हुए परेशान
आतिशबाजी के कारण सिर्फ पटाखे जलाने वाले ही प्रभावित नहीं हुए, बल्कि आसपास मौजूद लोगों को भी परेशानी झेलनी पड़ी। पटाखों से निकलने वाले धुएं और बारूद के महीन कणों के कारण कई लोगों की आंखों में जलन, लालिमा और संक्रमण की शिकायत हुई। परेशानी बढ़ने पर उन्हें अस्पताल पहुंचकर उपचार कराना पड़ा। दिवाली के अगले दिन सोमवार को भी आंखों और त्वचा संबंधी समस्याओं के मरीज अस्पताल पहुंचते रहे।
वर्जन
रविवार को पटाखों से जलने पर करीब 50 लोग उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे थे। इनमें दो से तीन लोगों की हालत ज्यादा खराब थी। उन्हें प्राथमिक उपचार देने के बाद दिल्ली रेफर कर दिया गया। - डॉ. शुभमकांत, आरएमओ, बीके अस्पताल