ट्रेनों के समय पर न चलने से यात्रियों को करना पड़ता है इंतजार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रेलवे स्टेशन और आसपास के स्टेशनों से रोज सफर करने वाले यात्रियों को ईएमयू ट्रेनों की अनियमितता और देरी के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। नई दिल्ली से फरीदाबाद और बल्लभगढ़ रूट पर चलने वाली ट्रेनों के समय पर न चलने से यात्रियों को इंतजार करना पड़ता है और स्टेशनों पर भीड़ बढ़ जाती है।
गाड़ी संख्या 64908 शकूरबस्ती-बल्लभगढ़ ईएमयू, जो नई दिल्ली से होते हुए फरीदाबाद और न्यू टाउन फरीदाबाद स्टेशन से गुजरती है, अक्सर तय समय पर नहीं आती। यात्रियों का कहना है कि यह ट्रेन हर घंटे के अंतराल पर चलनी चाहिए। यह ट्रेन अपने समयसीमा पर ही नहीं चल पा रही है, कई बार देरी होने से उन्हें प्लेटफॉर्म पर काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। इसी तरह गाड़ी संख्या 64052 गाजियाबाद-पलवल ईएमयू भी नई दिल्ली और फरीदाबाद होते हुए चलती है लेकिन इसमें अक्सर 10 से 20 मिनट या उससे ज्यादा की देरी देखी जा रही है। इससे ऑफिस जाने वाले और रोज यात्रा करने वाले लोग सबसे ज्यादा परेशान हो रहे हैं। इसके अलावा गाड़ी संख्या 14212 आगरा कैंट इंटरसिटी एक्सप्रेस, जो दिल्ली से चलकर फरीदाबाद होते हुए न्यू टाउन फरीदाबाद तक जाती है, उसे करीब दो घंटे 50 मिनट के लिए री-शेड्यूल किया गया है।
रेलवे के अनुसार इस कॉरिडोर पर लोकल ईएमयू के साथ-साथ लंबी दूरी की एक्सप्रेस ट्रेनें और मालगाड़ियां भी संचालित होती हैं, जिससे ट्रेनों को कई बार सिग्नल पर नियंत्रित किया जाता है या प्राथमिकता के आधार पर रोकना पड़ता है। रेलवे का कहना है कि ट्रैक और सिग्नलिंग के नियमित रखरखाव कार्य के दौरान भी कुछ ट्रेनों की गति सीमित करनी पड़ती है। इसके अलावा एक ट्रेन के लेट होने का असर आगे पूरे रूट की टाइमिंग पर पड़ जाता है, जिससे फरीदाबाद सेक्शन में समय-सारिणी प्रभावित होती है।