संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ओल्ड और न्यू टाउन रेलवे स्टेशन से गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के देरी से चलने के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। रेलवे स्टेशन पर लोग लंबे समय तक इंतजार करते दिखाई दिए। पंजाब मेल अपने निर्धारित समय से करीब एक घंटा चार मिनट देरी से चली। यह ट्रेन नई दिल्ली से होकर ओल्ड रेलवे स्टेशन और न्यू टाउन स्टेशन के रास्ते छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस तक जाती है।
वहीं झेलम एक्सप्रेस भी 56 मिनट की देरी से चली। यह ट्रेन करनाल से शुरू होकर नई दिल्ली होते हुए फरीदाबाद पहुंचती है। करनाल से फरीदाबाद आ रहे यात्रियों को काफी परेशानी हुई। सबसे ज्यादा देरी कलिंगा उत्कल एक्सप्रेस में दर्ज की गई। हरिद्वार से चलकर हजरत निजामुद्दीन के रास्ते फरीदाबाद आने वाली यह ट्रेन करीब दो घंटे 12 मिनट की देरी से चली।
ट्रेनों के देरी के चलने के कारण ऑफिस जाने वाले लोग, छात्रों और लंबी दूरी के यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कई यात्रियों ने रेलवे की सूचना व्यवस्था और समय प्रबंधन पर नाराजगी भी जताई।