संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ट्रेन में सफर के दौरान आईफोन चोरी होने के मामले में फरीदाबाद जीआरपी ने करीब दो महीने बाद प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मथुरा निवासी आशीष कुमार शर्मा 17 अगस्त को ट्रेन नंबर 12724 से नई दिल्ली से मथुरा जा रहे थे। बल्लभगढ़ और असावटी के बीच प्याला विलेज के पास उनका आईफोन-16 चोरी हो गया।
आशीष शर्मा ट्रेन के एस-पांच कोच में सात नंबर सीट पर सफर कर रहे थे। उन्होंने मथुरा जीआरपी में शिकायत दी थी। बाद में मामला फरीदाबाद जीआरपी को भेजा गया। 22 अक्तूबर को पुलिस ने यात्री से संपर्क कर घटना की जानकारी ली। यात्री ने बताया कि वह लैपटॉप पर काम कर रहे थे, तभी उनका मोबाइल चोरी हो गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि फोन न तो हाथ से छीना गया था और न ही जेब से।
इसके बाद फरीदाबाद जीआरपी ने अज्ञात के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(बी) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच बल्लभगढ़ जीआरपी चौकी को सौंपी गई है।