घायल सूरज के पिता ईश्वर शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी बड़ी बेटी अपने पति से अलग रह रही है और पार्वती कॉलोनी निवासी अभिषेक के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहती है। इसी को लेकर अभिषेक और सूरज के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।
मंगलवार शाम हुई थी कहासुनी
परिजनों के अनुसार मंगलवार शाम करीब सात बजे दोनों के बीच फोन पर कहासुनी हुई। इसके कुछ देर बाद अभिषेक अपने साथियों के साथ सूरज के घर पहुंचा और उसे बाहर बुला लिया। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि अभिषेक ने अपने साथ लाए चाकू से सूरज के पेट पर दो वार कर दिए। हमले के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ मौके से भाग गया।
परिजन घायल सूरज को तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका उपचार जारी है। ईश्वर शर्मा का आरोप है कि वारदात में अभिषेक के साथ अन्य युवक भी शामिल थे। उन्होंने संजय कॉलोनी पुलिस चौकी में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है। आरोपी की तलाश की जा रही है। गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।